दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान जब संवाददाताओं ने प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने और सक्रिय राजनीति में आने को लेकर भारती से सवाल किया तब उन्होंने कहा कि उनके पति पर चोरी का आरोप है। चोर की पत्नी को किस नजर से देखा जाता है, हिंदुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा।
प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने के सवाल पर भारती ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। उमा भारती ने चुनाव आयोग द्वारा योगी आदित्यनाथ और आजम खान के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में कहा कि आयोग ने योगी जी और आजम खान को एक जैसा दंड सुनाया है। जबकि दोनों के अपराध में बहुत बड़ा अंतर है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दो लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर भी उमा भारती ने कहा कि वह अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। वह कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। पर अमेठी की जो रिपोर्ट सामने आई है उसको आधार बनाकर राहुल गांधी ने दो सीट से लड़ने का फैसला लिया है। मतलब यह है कि उन्होंने अमेठी से पहले ही अपनी हार मान ली है।
राज्य में वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को एक मात्र दुर्ग सीट से हार का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष हो रहे चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रिश्तेदार और पाटन क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय बघेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। जिनका मुकाबला कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर से है। (भाषा)