10 साल में 52 चुनाव हारने वाली कांग्रेस के 12 पूर्व मुख्यमंत्री समेत 60 बड़े नेताओं ने छोड़ी पार्टी

विकास सिंह

सोमवार, 18 मार्च 2024 (11:58 IST)
भोपाल। लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या में हर दिन इजाफा होता जा रहा है। मध्यप्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों के प्रमुख कांग्रेस नेता इन दिनों तेजी से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे है। कांग्रेस के बड़े नेताओं के लगातार पार्टी छोड़ने से कांग्रेस नेतृत्व पर लगातार सवाल उठ रहे है। लगातार कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में न तो दिशा है न ही दृष्टि है। कांग्रेस के कप्तान राहुल गांधी खुद ही भ्रमित है। कांग्रेस एक ऐसा दल बन गया है, जिसके पास ना तो सेना बची है और ना ही सेनापति।

उन्होंने कहा कि 2019 में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और अमेठी से खुद राहुल गांधी जी चुनाव हार गए थे। अगर इतिहास देखें तो एक के बाद एक लगभग 51 चुनाव कांग्रेस ने हारे हैं। 2014 के बाद कई उनके मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़ दी और कई जगह उन्हें चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं की सूची जारी करते हुए कहा कि 2014 से 2020 तक आप कल्पना कीजिए कांग्रेस का क्या हुआ है, कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले बड़े नेताओं की बात करें तो हिमन्त बिस्वा सरमा जो पूरी कर्मठता से बीजेपी में आने के बाद असम का नेतृत्व कर रहे हैं। चौधरी बीरेंदर सिंह, रंजीत देशमुख, जीके वासन, जयंती नटराजन जी, पेमा खांडू, रीता बहुगुणा जोशी, एन बीरेन सिंह, शंकर सिंह वाघेला, टॉम वडक्कन, ज्योतिरादित्य सिंधिया, केपी यादव और प्रियंका चतुर्वेद शामिल हैं।

कांग्रेस छोड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्री-किरण कुमार रेड्डी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, एस एम कृष्णा, दिगंबर कामत, विजय बहुगुणा,पेमा खांडू, अशोक चव्हाण, एन डी तिवारी, रवि नाइक, गुलाम नबी आजाद, अजीत जोगी, लुइजिन्हो फलेरियो, किरण कुमार रेड्डी।

2021 में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले प्रमुख नेता-पीसी चाको, जितिन प्रसाद, सुष्मिता देव, ललितेश त्रिपाठी, लुईजिन्हो फलेरो, पंकज मलिक, हरेन्द्र मलिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह, रवि नाइक।

2022-23में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले प्रमुख नेता- इमरान मसूद, अदिति सिंह, सुप्रिया एरॉन, आरपीएन सिंह, अश्विनी कुमार, रिपुन बोरा, हार्दिक पटेल, सुनील जाखड़, कपिल सिब्बल, कुलदीप बिश्नोई, जयवीर शेरगिल, गुलाम नबी आजाद, दिगम्बर कामत,अनिल एंटनी और सीआर केसवन ।

2024 में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले बड़े नेता- मिलिंद देवड़ा, अशोक चव्हाण, गीता कोड़ा, बाबा सिद्दीकी, राजेश मिश्रा, अमरीश डेर, जगत बहादुर अन्नू, चांदमल जैन, बसवराज पाटील, नारण राठवा।

2013 के बाद कांग्रेस ने चुनाव हारे-2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद हिमाचल, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरयाणा,उत्तराखंड,उत्तरप्रदेश,राजस्थान,गुजरात,छत्तीसगढ़,बिहार,झारखंड,सिक्किम,असम,अरुणाचल,नागालैंड, मणिपुर,मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल,महाराष्ट्र,उड़ीसा, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और केरल में कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हारी है।

सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इंकार- पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी की दशा इतनी खराब है कि, उनकी सर्वोच्च नेता मैडम सोनिया गांधी जी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। राजनीति में उनकी बैक डोर एंट्री हुई है, राज्यसभा में जब कांग्रेस के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास हिल गया हो तो उस पार्टी का क्या होगा इसकी कल्पना की जा सकती है। वहीं राहुल गांधी तो ऐसे कप्तान है जिनको यह तक पता नहीं है कि, कब क्या करना चाहिए। जब उन्हें चुनाव की तैयारी करना चाहिए तो वह यात्रा करते हैं, जब यात्रा करनी चाहिए तो विदेश में छुट्टी मनाते हैं और चुनाव में हारने के बाद ईवीएम पर दोष मढ़ते हैं। कांग्रेस की यह हालत देखकर कांग्रेस के विचारवान नेता लगातार कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी एक के बाद एक चुनाव लगातार हारती चली जा रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी