लोकसभा चुनाव से पहले BJP का गांव चलो अभियान, MP में 58% वोट हासिल करना लक्ष्य

विकास सिंह

शनिवार, 27 जनवरी 2024 (12:51 IST)
भोपाल। लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा ने अब गांवों पर फोकस कर दिया। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने वाली भाजपा ने गांवों में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए 9 से 11 फरवरी तक गांव में बूथों पर रात बितायेंगे। इस दौरान गांवों में बूथों पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 24 घंटे बितायेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता बूथ के वोटर्स से संपर्क कर उन तक मोदी सरकार की योजनाओं को पहुंचाएंगे।

भाजपा गांव चलो अभियान के जरिए लोकसभा चुनाव में 58 फीसदी वोटर्स हासिल करना है। भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर गांव चलो अभियान के माध्यम से उतारकर 58 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य पार्टी ने निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जब कार्यकर्ता लोगों को अपनी बात कहेंगे तो लोगों का उस पर विश्वास ज्यादा होगा क्योंकि चाहे केंद्र की योजनाएं हो या फिर राज्य की सभी का लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है और वो अब पार्टी के कार्यकर्ता को सम्मान की नजर से देखते हैं।

भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि गांव चले अभियान के तहत पार्टी का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर हार मिली है उनको जीतना और जीते हुए बूथों पर 10 फीसदी वोटर शेयर बढ़ाना लक्ष्य है। गांव चले अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मंत्रिमंडल के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता 9 से 11 फरवरी तक पूरे प्रदेश में गांव एवं नगरीय बूथों पर भाजपा की रीति नीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे।

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और गांव चलो अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवप्रकाश के मुताबिक भारत केवल विकसित गांवों के साथ ही विकसित हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसी संकल्प को लेकर गांव चलो अभियान की शुरूआत की गई है। इसका मकसद सभी गांवों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है। शिवप्रकाश के मुताबिक गांव चलो अभियान की तैयारियों को लेकर 3 फरवरी तक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। वहीं अभियान के तहत कार्यकर्ताओं का प्रवास 9 से 11 फरवरी तक रहेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी