हिमंत विश्व शर्मा बोले, सत्‍ता में आए तो मुफ्त कराएंगे राम मंदिर की तीर्थयात्रा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 9 मई 2024 (20:40 IST)
Chief Minister Himanta Vishwa Sharma's statement regarding Lok Sabha elections : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने गुरुवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी ओडिशा की सत्ता में आती है तो राज्य के 5 लाख लोगों को अयोध्या के राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराई जाएगी। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हम मेरिट के आधार पर  3 लाख युवाओं को रोजगार देंगे।
ALSO READ: राहुल गांधी असम में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने आए : हिमंत विश्व शर्मा
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यहां कालीमेला में एक रैली को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मलकानगिरि जिले में गांवों के नाम संख्याओं पर रखने के लिए निशाना साधा। शर्मा ने कहा, असम में मैंने एक लाख लोगों को अयोध्या ले जाने का फैसला किया और इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
 
5 लाख लोगों को यह सुविधा मिलनी चाहिए : शर्मा ने कहा, ओडिशा, असम से बड़ा राज्य है इसलिए पांच लाख लोगों को यह सुविधा मिलनी चाहिए। अगर भाजपा ओडिशा की सत्ता में आती है तो पार्टी का मुख्यमंत्री इस तीर्थयात्रा की सुविधा देगा। शर्मा ने मलकानगिरि जिले में बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी आबादी से जुड़ने की भी कोशिश की और लोगों को आश्वासन दिया कि अन्य वादों के साथ-साथ बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
ALSO READ: हिमंत विश्व शर्मा बोले- लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी को करेंगे गिरफ्तार
वर्ष 1971 के बांग्लादेश युद्ध के बाद मलकानगिरि जिले में लगभग एक लाख बांग्ला भाषी लोगों का पुनर्वास किया गया था। असम के मुख्यमंत्री ने जिले में गांव के नाम एमवी-82 और एमवी-83 आदि रखने पर कहा, जेल में कैदियों को ही इस तरह से बुलाया जाता है लेकिन यहां गांवों के नाम संख्याओं पर रखे गए हैं। यह लोगों का अपमान है।
 
इन गांवों के नाम बदलना भाजपा की गारंटी : शर्मा ने कहा, बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति और इन गांवों के नाम बदलना भाजपा की गारंटी है। उन्होंने ओडिशा के युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने के लिए भी बीजद सरकार की आलोचना की। शर्मा ने जोर देकर कहा, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हम मेरिट के आधार पर तीन लाख युवाओं को रोजगार देंगे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी