बिहार विधानसभा चुनाव में सेलिब्रिटी सियासत, सियासी दलों ने भोजपुरी स्टार्स पर लगाया दांव

विकास सिंह

गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025 (16:53 IST)
बिहार विधानसभा में सेलिब्रिटी वाली सियासत चरम पर है। वोटरों को रिझाने के लिए सभी राजनीति दलों इस बार भोजपुरी स्टार पर अपना दांव लगा रहे है। दो दिन पहले भाजपा की सदस्यता लेने वाली भोजपुरी गायिका मैथिली ठाकुर को पार्टी ने अलीनगर से चुनावी मैदान में उतारा है। मधुबनी के रहने वाली 25 साल की भोजपुरी गायिका मैथिली ठाकुर 14 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ली और पार्टी ने उन्हें अब चुनावी मैदान में उतार दिया है।

वहीं भोजपुरी स्टार पवन सिंह और अक्षरा सिंह भी बिहार चुनाव में सुर्खियों में बन हुए है। चुनाव की तारीखों के एलान के बाद अक्षरा सिंह के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मिलने की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके चुनाव लड़ने की खूब अटकलें लगाई जा रही है हलांकि अक्षरा सिंहं ने न तो अब तक भाजपा की सदस्यता ली और न पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है।

वहीं भोजपुरी स्टार पवन सिंह का नाम भी खूब सुर्खियों में है। विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ पवन सिंह के केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से मिलने के बाद यह तय माना जा रहा था कि पवन सिंह काराकट से भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरेंगे लेकिन पत्नी ज्योति सिंह से विवाद के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से अपने पांव पीछे खीच लिए है। हलांकि पवन सिंह चुनावी रैलियों के जरिए भाजपा के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।  वहीं पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी चुनाव लड़ने की तैयारी में थी लेकिन अब वह भी बैकफुट है। पति पवन सिंह से विवाद के बाद ज्योति सिंह ने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की थी और उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थी।

बिहार में बदलाव के नारे के साथ पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने भोजपुरी स्टार सिंगर रितेश पांडे को करगहर से चुनावी मैदान में उतारा है। भोजपुरी गायक रितेश पांडे ने करगहर से अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है और प्रशांत किशोर खुद उनके लिए वोट मांग रहे है।

वहीं बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले जोरशोर से जनसुराज में शामिल होने वाली फिल्म प्रोड्यूसर चेतना झांब अब निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में है। चेतना झांब जनसुराज पार्टी से समस्तीपुर से टिकट की दावेदार थी लेकिन जब पार्टी ने उन्हें टिकट नही दिया तो उन्होंने अब निर्दलीय चुनाव लड़ने का  एलान कर दिया है। चेनता झांब सिंह रितेश पांडे के साथ भोजपुरी फिल्मों मं नजर आ चुकी है और फिल्म प्रोडेक्टर काम में काफी सक्रिय है।

वहीं भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी को आरजेडी ने छपरा से प्रत्याशी बनाया है। खेसारी लाल यादव पिछले कई दिनों से पत्नी चंदा देवी के लिए चुनाव प्रचार भी कर रहे थे। इसके साथ ही दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन दिव्या गौतम को भाकपा माले ने पटना की दीघा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान मे उतारा है। ग्लैमरस लाइफस्टाइल को फॉलो करने वाली दिव्या गौतम छात्र राजनीति में भी सक्रिय रही है, उन्होंने पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था और दूसरे स्थान पर रही थी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी