भाजपा ने केजरीवाल के घर के पास लगाया बोर्ड, लिखा शीश महल भ्रष्‍टाचार का अड्डा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 28 अप्रैल 2024 (07:42 IST)
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के वास्ते राष्ट्रीय राजधानी में प्रचार अभियान के तेज होने के बीच प्रदेश भाजपा के नेताओं ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी निवास के पास एक बोर्ड लगा दिया जिस पर लिखा है, 'शीशमहल - करप्शन का अड्डा।'

ALSO READ: Lok Sabha Elections 2024 : अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का रोड शो, AAP उम्मीदवार के लिए मांगा वोट
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यहां सिविल लाइंस में मुख्यमंत्री के नए रंगरूप वाले बंगले के समीप यह बोर्ड लगाया गया क्योंकि यह महलनुमा घर अवैध रूप से तैयार किया गया है।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि यह बात दिल्ली के साथ-साथ आज देश की जनता को भी जानना चाहिए कि वह कोई मुख्यमंत्री निवास नहीं बल्कि केजरीवाल की विकृत सोच और भ्रष्ट मानसिकता के कारण एक शीशमहल में तब्दील हो चुका है।
 
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार किया गया है और वह 7 मई तक न्यायिक हिरासत में हैं। 
 
केजरीवाल की गिरफ्तारी को आम आदमी पार्टी ने बड़ा चुनावी मुद्दा बना लिया है। पार्टी ने लोगों से गिरफ्तारी का जवाब वोट से देने की अपील की है। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी दिल्ली में आप उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रही है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी