कांग्रेस का पीएम मोदी से सवाल, हिमाचल में सरकार को अस्थिर करने का प्रयास क्यों किया?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 24 मई 2024 (11:13 IST)
Himachal pradesh loksabha election : कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि भाजपा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करने का प्रयास क्यों किया था? प्रधानमंत्री मोदी आज हिमाचल प्रदेश के शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्र में 2 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। ALSO READ: लोकसभा चुनाव : BJP और RSS को लेकर राहुल गांधी ने किया यह दावा...
 
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, भाजपा ने हिमाचल की जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को बेशर्मी से अस्थिर करने की कोशिश क्यों की? क्या निवर्तमान प्रधानमंत्री अग्निपथ योजना को खत्म करने का वादा करेंगे? मोदी सरकार ने रेलवे परियोजनाओं पर काम क्यों नहीं किया? वर्तमान प्रधानमंत्री ने जुलाई 2023 में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा क्यों नहीं घोषित किया?
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की है। जो छह विधायक राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के हाथों बिक गए थे, उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनके जाने से खाली हुई सीटों पर भाजपा ने बेशर्मी से उन्हें ही उम्मीदवार बनाया है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन के 10 वर्षों में यह बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के लिए गंदी राजनीति अपवाद नहीं है, बल्कि यह उनका सिद्धांत है।
 
रमेश ने कहा कि गोवा से सिक्किम, महाराष्ट्र से कर्नाटक और अब हिमाचल प्रदेश तक - कोई भी राज्य उनके हथकंडों से सुरक्षित नहीं है। उन्होंने ग़लत तरीक़े से हासिल किए गए चुनावी बॉण्ड से प्राप्त धन का इस्तेमाल करके देश के हर कोने में खुलेआम सरकारों को गिराया है या गिराने की कोशिश की है। ALSO READ: ससुर के सामने बहुएं, जेठानी के सामने देवरानी, रोचक है हिसार लोकसभा सीट का मुकाबला
 
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश में कितनी क़ीमत चुकानी पड़ी? प्रत्येक विधायक को दलबदल के लिए कितना माल दिया गया? उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी गर्व से भारत को लोकतंत्र की जननी कहते हैं। क्या भारत माता को उनके इस दोहरेपन और विश्वासघात से गर्व होगा?
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी