Lok Sabha Elections : 93 सीट, 1300 उम्मीदवार..., तीसरे चरण में सिंधिया-शाह समेत इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 7 मई 2024 (01:01 IST)
Lok Sabha Elections 2024 : देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीट के लिए मतदान होगा। तीसरे चरण में भाजपा का बहुत कुछ दांव पर होगा जिसने पिछले आम चुनाव में गुजरात, कर्नाटक, बिहार और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में स्थित इन निर्वाचन क्षेत्रों में से अधिकतर पर जीत हासिल की थी।
 
कुल 93 सीट के लिए 1300 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 120 महिलाएं हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 11 करोड़ से अधिक है। इन सीट पर किस्मत आजमा रहे दिग्गज नेताओं में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (गांधीनगर), ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मांडविया (पोरबंदर), पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रह्लाद जोशी (धारवाड़) और एसपी सिंह बघेल (आगरा) शामिल हैं।
 
17.24 करोड़ लोग करेंगे मतदान : 8.39 करोड़ महिलाओं सहित कम से कम 17.24 करोड़ लोग मतदान करने के लिए पात्र होंगे और 1.85 लाख मतदान केंद्रों पर 18.5 लाख कर्मी तैनात किए गए हैं। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव (2 सीट) और मध्य प्रदेश की नौ सीट, जिनमें बैतूल भी शामिल है जहां चुनाव टाल दिया गया था, पर आज मतदान होगा।
 
पहले 2 चरण में 189 सीट पर हो चुका है मतदान : प्रधानमंत्री मोदी और शाह गांधीनगर लोकसभा सीट के तहत अहमदाबाद शहर के मतदान केंद्र पर अपना वोट डालेंगे। पहले दो चरण में लोकसभा की 543 सीट में से 189 सीट पर मतदान हो चुका है। चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण के चुनाव क्रमश: 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को होंगे। मतगणना चार जून को होगी।
 
इस चरण में जिन सीट पर चुनाव होगा उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, मध्य प्रदेश की नौ, छत्तीसगढ़ की सात, बिहार की पांच, पश्चिम बंगाल और असम की चार-चार और गोवा की दो सीट शामिल हैं। भाजपा के हमले का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस से यह लिखित में देने के लिए कहा है कि वह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग का कोटा मुसलमानों को नहीं सौंपेगी।
ALSO READ: इंदौर लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय बम के मैदान छोड़ने पर क्या कहते हैं इंदौरी
वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने भाजपा पर संविधान से छेड़छाड़ करने और आरक्षण खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। प्रमुख विपक्षी दल ने आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटाने का वादा किया है और भाजपा से इस मुद्दे पर रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है।
 
उत्तर प्रदेश में 1.88 करोड़ मतदाता कर सकेंगे मतदान : उत्तर प्रदेश की संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली संसदीय सीट पर मतदान होगा। उप्र में इस चरण में 100 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 1.88 करोड़ मतदाता मतदान कर सकेंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए प्रयास कर रही हैं। सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट से फिर से मैदान में हैं।
 
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी राजनीति की शुरुआत कर रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व 2014 में उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने किया था। तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा से ‘हैट्रिक’ बनाने की उम्मीद कर रहे हैं।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली कांग्रेस को बड़ा झटका, अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली का इस्तीफा
मध्यप्रदेश की नौ सीट के लिए चुनाव के दौरान तीन बड़े दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का राजनीतिक भविष्य तय होगा। इस दौरान 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता नौ सीट के लिए मैदान में उतरे 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
 
17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं शिवराज सिंह चौहान : मध्य प्रदेश की इन नौ सीट में मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वह पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है।
 
राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77 वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। गुना सीट पर यादव समुदाय के वोट चुनावी पलड़ा झुका सकते हैं और यहां सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव से है। विदिशा में चौहान सहज दिख रहे हैं, लेकिन राजगढ़ में मुकाबला करीबी हो सकता है।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव में भाजपा के गढ़ मध्यप्रदेश में कम क्यों हो रही वोटिंग?
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से जिन सात सीट पर चुनाव होंगे, उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा (एससी), कोरबा, सरगुजा (एसटी) और रायगढ़ (एसटी) सीट शामिल है। ‘हाई-प्रोफाइल’ रायपुर सीट पर भाजपा के प्रभावशाली राज्यमंत्री बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय से होगा।
 
कोरबा में भाजपा ने अपनी प्रभावशाली महिला नेता और पूर्व सांसद सरोज पांडे को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी और कांग्रेस की मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत के खिलाफ मैदान में उतारा है। दुर्ग सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा भाजपा सांसद विजय बघेल के खिलाफ राजेंद्र साहू को मैदान में उतारा है। बिलासपुर सीट पर कांग्रेस ने निवर्तमान विधायक देवेन्द्र यादव को भाजपा के पूर्व विधायक तोखन साहू के खिलाफ मैदान में उतारा है।
 
आदिवासी बहुल रायगढ़ सीट पर भाजपा के राधेश्याम राठिया और कांग्रेस की मेनका देवी सिंह के बीच मुकाबला होगा, जो सारंगढ़ के पूर्व शाही परिवार से हैं। छत्तीसगढ़ की सात सीट के लिए 168 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 1,39,01,285 है।
 
गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से 25 लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा। कांग्रेस के नीलेश कुंभाणी का नामांकन खारिज होने और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के मुकेश दलाल सूरत से पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बदली अपनी रणनीति, हिंदू-मुस्लिम,आरक्षण पर कांग्रेस को क्यों घेर रहे मोदी?
गुजरात में कांग्रेस ने चार मौजूदा और आठ पूर्व विधायकों को मैदान में उतारा है और वह आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। समझौते के तहत कांग्रेस को 24 सीट (सूरत सहित) मिलीं, जबकि आप को भावनगर और भरूच दी गई हैं। आप ने मौजूदा विधायक चैतर वसावा को भरूच सीट से और उमेश मकवाना को भावनगर सीट से मैदान में उतारा है।
 
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, गुजरात में कुल 4.97 करोड़ व्यक्ति, जिनमें 2.56 करोड़ पुरुष, 2.41 करोड़ महिलाएं और 1,534 तीसरे लिंग के लोग शामिल हैं, 50,788 मतदान केंद्रों पर मतदान कर सकेंगे। गोवा की दो लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए 11 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं। उत्तरी गोवा सीट के लिए भाजपा के मौजूदा सांसद श्रीपद नाइक का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार रमाकांत खलप से है। दक्षिण गोवा सीट पर भाजपा ने कांग्रेस के विरियाटो फर्नांडीस के खिलाफ डेम्पो इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक पल्लवी डेम्पो को मैदान में उतारा है।
 
महाराष्ट्र की 48 में से जिन 11 सीट पर चुनाव होगा, उनमें बारामती सीट भी शामिल है, जहां शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार (महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी) से है। इसके अलावा महाराष्ट्र की रायगढ़, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकनंगले सीट पर चुनाव होगा। महाराष्ट्र के प्रमुख उम्मीदवारों में कोल्हापुर सीट से कांग्रेस के साहू छत्रपति, सतारा सीट से भाजपा के उदयनराजे भोसले और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे शामिल हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल की चार लोकसभा सीट मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद के लिए कुल 73,37,651 मतदाता 7,360 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस चरण में चुनाव लड़ रहे 57 उम्मीदवारों में से जंगीपुर सीट के 14, मालदा उत्तर सीट के 15, मालदा दक्षिण सीट के 17 और मुर्शिदाबाद सीट के 11 उम्मीदवार शामिल हैं।
 
मुर्शिदाबाद में माकपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अबू ताहिर खान और भाजपा उम्मीदवार गौरी शंकर के बीच मुकाबला होगा। मालदा उत्तर सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी प्रसून बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने मुस्ताक आलम को टिकट दिया है व भाजपा ने खगेन मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है।
 
मालदा दक्षिण सीट पर भाजपा ने श्रीरूपा मित्रा चौधरी को मैदान में उतारा है, कांग्रेस ने ईशा खान चौधरी को और टीएमसी ने शाहनवाज अली रायहान को उम्मीदवार बनाया है। जंगीपुर सीट पर टीएमसी के खलीलुर रहमान का मुकाबला भाजपा के धनंजय घोष और कांग्रेस के मोहम्मद मुर्तजा हुसैन (बोकुल) से होगा।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव जीतने के बाद बॉलीवुड को अलविदा कहेंगी कंगना रनौट! बोलीं- लोगों को मेरी जरूरत...
कर्नाटक में 14 सीट के लिए चुनाव होंगे। कर्नाटक के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी शामिल हैं, जो धारवाड़ सीट से लगातार पांचवीं बार लोकसभा में पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं। इस साल फरवरी में कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक के निधन के बाद सात मई को यादगीर जिले के शोरापुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी होगा।
 
कर्नाटक में मंगलवार को लोकसभा की जिन 14 सीट के लिए मतदान हो रहा है उनमें बेलगाम (बेलगावी), उत्तर कन्नड़, चिक्कोडी, बगलकोट (बगलकोट), बीदर, हावेरी, धारवाड़, कोप्पल, बेलारी (बल्लारी), रायचूर, बीजापुर (विजयपुरा), दावणगेरे और शिमोगा व गुलबर्गा (कलबुर्गी) शामिल हैं।
 
बिहार में पांच लोकसभा सीट के लिए कुल 54 उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार की अररिया, सुपौल, झंझारपुर, मधेपुरा और खगड़िया सीट पर मतदान होगा। तीसरे चरण में जिन तीन सीट पर मतदान होना है उनमें से तीन, सुपौल, झंझारपुर और मधेपुरा, वर्तमान में जद (यू) के कब्जे में हैं, जिसने इन सीट पर संबंधित मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है।
ALSO READ: अमित शाह ने किया बंगाल में रोड शो, TMC पर साधा निशाना
अररिया और खगड़िया सीट चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खाते में चली गई हैं। असम में तीसरे चरण में चार सीट- धुबरी, बारपेटा, कोकराझार (एसटी) और गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के साथ ही राज्य की सभी 14 सीट के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा।
 
असम में बारपेटा सीट से सर्वाधिक 14 उम्मीदवार हैं, जबकि गुवाहाटी सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार हैं। गुवाहाटी में भाजपा की बिजुली कलिता मेधी और कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बोरठाकुर गोस्वामी के बीच सीधा मुकाबला है, दोनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं।
 
इन उम्‍मीदवारों का भविष्य है दांव पर : तीसरे चरण में जिन प्रत्याशियों का भविष्य दांव पर है उनमें केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह, सांसद डिंपल यादव और सुप्रिया सुले समेत कई दिग्गज नेता शामिल हैं।
 
कौनसे चरण में कितना मतदान : लोकसभा के पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान हुआ। 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 88 सीटों पर मतदान हुआ, जिसके बाद अब 7 मई को तीसरे चरण के मतदान होंगे, 13 मई को चौथे, 20 मई को पांचवें, 25 मई को छठे, 1 जून को सातवें चरण के मतदान होंगे। 4 जून को वोटों की गिनती की जाएगी। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी