नरेंद्र मोदी 3.0 कैबिनेट के संभावित चेहरे, गठबंधन के साथ जातिगत व सामाजिक संतुलन साधने की कवायद

विकास सिंह

शनिवार, 8 जून 2024 (11:29 IST)
मोदी 3.0 सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम 7.15 बजे राष्ट्रपति भवन में होगा। मोदी 3.0 सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख और समय तय होने के बाद अब मोदी कैबिनेट में कौन-कौन मंत्री बनेगा इस पर चर्चा तेज हो गई है। सवाल यह भी है एनडीए गठबंधन में भाजपा के कितने मंत्री बनेंगे और जेडीयू और टीडीपी जैसे बड़े सहयोगियों को कितने मंत्री बनेंगे यह भी बड़ा सवाल बना हुआ। मोदी 3.0 कैबिनेट में गठबंधन के सहयोगियों को साधने के साथ जातिगत संतुलन को साधने की कोशिश दिखाई देगी।

भाजपा कोटे से मंत्री बनने वाले दावेदार-भाजपा कोटे से मोदी 2.0 सरकार में शामिल होने वाले कई दिग्गज चेहरे मोदी 3.0 सरकार के मंत्रिमंडल में नजर आ सकते है। इसमें सबसे प्रमुख नाम लखनऊ से भाजपा सांसद राजनाथ सिंह का नाम सबसे उपर है। इसके साथ अमित शाह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, डॉ. सुबह्राण्यम जयशंकर, भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अश्विनी वैष्णव, गजेंद्र सिंह शेखावत, हरदीप सिंह पुरी, अनुराग ठाकर, किरेन रिजिजू को दोबारा मोदी 3.0 सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं अमेठी से चुनाव हराने वाली स्मृति ईरानी को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। वहीं जून में पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले जेपी नड्डा को संगठन में जगह मिल सकती है। इसके साथ उत्तरप्रदेश से राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और लक्ष्मीकांत वाजपेयी को भी मंत्री बनाया जा सकता है। इसमें अमित शाह और भूपेंद्र यादव में से किसी एक को मंत्रिमंडल की जगह संगठन की कमान भी सौंपे जाने की चर्चा है।

जेडीयू कोटे से मंत्री बनने वाले दावेदार- मोदी कैबिनेट में जेडीयू कोटे से तीन मंत्री बन सकते है। इसमें लल्लन सिंह मंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार है। इसके साथ राज्यभा सांसद संजय झा और रामनाथ ठाकुर को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं महिला चेहरे को तौर पर लवली आनंद को भी राज्यमंत्री बनाया जा सकता है।

टीडीपी से मंत्री बनने वााले दावेदार–चंदबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी मोदी कैबिनेट में सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, ऐसे में टीडीपी कोटे से मोदी कैबिनेट में एक कैबिनेट और 2 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हो सकते है। इसमें श्रीकाकुलम से तीसरी बार सांसद राममोहन नायूड मोदी कैबिनेट में कैबिनेट मंत्री की शपथ लेते दिखाई दे सकते है। इसके साथ ही विशाखापट्टनम से सांसद श्रीभरत और गुंटूर से सांसद पेम्मासानी चंद्र शेखर को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

NDA के अन्य सहयोगी दलों के दावेदार-मोदी कैबिनेट में एनडीए के अन्य सहयोगी दलों में से लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान, हम पार्टी क अध्यक्ष जीतनराम माझी, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश की जनसेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण, एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वहीं अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष और मिर्जापुर से सांसद चुनी गई अनुप्रिया पटेल का भी मोदी  कैबिनेट में मंत्री बनना लगभग तय है।

मध्यप्रदेश में 3-4 चेहरों को मिल सकती है जगह-मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने वाली भाजपा का मोदी कैबिनेट में क्या प्रतिनिधित्व रहेगा, इस पर भी सबकी नजरें टिकी है। गुना लोकसभा सीट से बड़ी जीत हासिल करने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का फिर से मंत्री बनना लगभग तय है और वह मोदी 3.0 सरकार में बड़े मंत्रालय की कमान संभालते नजर आ सकते है। वहीं विदिशा से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद शिवराज सिंह चौहान को भी मोदी कैबिनेट में मंत्री बनाया जा सकता है। मोदी कैबिनेट में मध्यप्रदेश से एक दलित और एक आदिवासी चेहरों को भी शामिल किया जा सकता है। इसके साथ एक महिला चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसमें शहडोल से लोकसभा सांसद हिमाद्री सिंह और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को मौका मिल सकता है। मोदी 3.0 सरकार में जातिगत संतुलन साधने के लिए सतना सांसद गणेश सिंह और देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के साथ ही ग्वालियर से पहली बार सांसद चुने गए भारत सिंह कुशवाह को भी मौका मिल सकता है।

 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी