भाजपा को वोट दोगे तो ही मिलेगा पुण्य, PM मोदी ने ऐसा क्यों कहा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 22 मई 2024 (15:08 IST)
Prime Minister Modi election rally in Basti: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) पर पाकिस्तान का 'हमदर्द' होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि पड़ोसी मुल्क तो पस्त पड़ गया है, लेकिन इन दोनों विपक्षी दलों के लोग उसके पास ‘एटम बम’ होने की बात कहकर भारत को डरा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि भाजपा को वोट नहीं दोगे तो पुण्य नहीं मिलेगा। ALSO READ: शिवराज बोले, कांग्रेस और नेहरू ने भारत को तोड़ा, PM मोदी पीओके को वापस लेंगे
 
मोदी ने कांग्रेस पर अपने ही पार्टी संविधान को नहीं मानने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाने के लिए अति पिछड़े समाज से आने वाले तत्कालीन कांग्रेस प्रमुख सीताराम केसरी का अपमान किया गया था। प्रधानमंत्री ने बस्ती जिले में बस्ती, संत कबीर नगर और डुमरियागंज लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा और कांग्रेस पर तुष्टीकरण समेत अनेक आरोप लगाए। 
पाकिस्तान के हमदर्द हैं कांग्रेस और सपा : उन्होंने कहा कि आतंक का सरपरस्त देश जो हमें आंखें दिखाता था, आज उसकी हैसियत वैसी हो गई है कि ना घर का ना घाट का। पाकिस्तान तो पस्त पड़ गया है, लेकिन उसके हमदर्द समाजवादी पार्टी और कांग्रेस वाले अब भारत को डराने में जुटे हैं। ये लोग कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो क्योंकि उसके पास एटम बम है। ALSO READ: वाराणसी में नरेन्द्र मोदी के सामने फिर अजय राय, कम हो सकता है जीत का अंतर
 
मोदी ने कहा कि आज भारत में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं है बल्कि मोदी की मजबूत सरकार है। अगर डरना है तो वे लोग डरें जो मानवता में विश्वास नहीं करते, जो आए दिन खून की नदियां बहाते हैं। भारत किसी को डराना नहीं चाहता है लेकिन भारत हमें डराने वालों को कभी बख्शेगा नहीं। भारत आज घर में घुसकर मारता है।
 
राम को फिर से टेंट में भेजना चाहते हैं : मोदी ने सपा और कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की परिवारवादी पार्टियों ने तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। इन लोगों को राम मंदिर और राम से परेशानी है। सपा के एक बड़े नेता कहते हैं कि राम मंदिर तो बेकार है। सपा खुलेआम कहती है कि राम मंदिर जाने वाले राम भक्त पाखंडी हैं। एक और नेता ने कहा कि राम मंदिर अपवित्र है। ये लोग सनातन धर्म के विनाश करने की बात करते हैं और इन सबकी आका कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी) तो राम मंदिर से जुड़े उच्चतम न्यायालय के फैसले को पलटकर राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने का सपना देख रहे हैं। वह रामलला को फिर से टेंट में भेजना चाहते हैं। ALSO READ: Pune Accident को लेकर राहुल गांधी का PM मोदी पर तंज, न्याय भी दौलत का मोहताज है
 
कांग्रेस तो अपना ही संविधान नहीं मानती : उन्होंने कांग्रेस पर अपने ही पार्टी संविधान को नहीं मानने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस वालों को अचानक संविधान की याद आ गई। यही कांग्रेस है जो अपनी ही पार्टी का संविधान नहीं मानती है। एक शाम को मैडम सोनिया जी की टोली कांग्रेस दफ्तर में घुस गई और उस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष रहे अति पिछड़े समाज के सीताराम केसरी को बाथरूम में बंद कर दिया और फिर उठाकर उन्हें फुटपाथ पर फेंक दिया और रातों-रात मैडम सोनिया जी को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा दिया।
 
मोदी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही सपा है जिसने हमेशा दलितों के आरक्षण का विरोध किया। अब ये लोग संविधान की भावना के खिलाफ जाकर धर्म के आधार पर आरक्षण देने की पैरवी कर रहे हैं। ये लोग दलितों, पिछड़ों का आरक्षण छीनकर वोट जिहाद करने वालों को देना चाहते हैं। कांग्रेस मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए बाबासाहब आंबेडकर का संविधान बदलना चाहती है। सपा भी इस दलित पिछड़ा विरोधी षड्यंत्र में कांग्रेस के साथ खड़ी है।
 
प्रधानमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि मैं सपा-कांग्रेस के दोनों शहजादों की फ्लॉप फिल्म की बार-बार रिलीज से हैरान हूं। ये दोनों शहजादे अब मिलकर अफवाह उड़ा रहे हैं कि वे उत्तर प्रदेश की 79 सीट जीत जाएंगे। मैं पहले सुना करता था कि लोग दिन में सपने देखते हैं। अब पता चला कि दिन में सपना देखने का मतलब क्या होता है। 4 जून को उत्तर प्रदेश की जनता इन्हें नींद से जगाने वाली है और तब यह सारा ठीकरा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर फोड़ेंगे।
 
5 चरणों में ही मोदी सरकार की जीत पक्की : मोदी ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के शुरुआती 5 चरणों में ही देश ने तीसरी बार मोदी सरकार पक्की कर दी है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के बयानों से यह जाहिर होता है, पूरा विपक्षी गठबंधन ऐसी निराशा के गर्त में डूबा है कि अब उनको यह भी याद नहीं रहता कि वे दो दिन पहले क्या बोले थे और आज क्या बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को मिलने वाला एक भी वोट निरर्थक है, इसलिए वोट उसी को देना चाहिए जिसकी सरकार बनने की गारंटी हो।
 
... तो नहीं मिलेगा पुण्य : प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करते हुए कहा कि अगर भाजपा को वोट नहीं डालेंगे तो पुण्य नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सोचना कि मैं वोट डालने नहीं जाऊंगा तो भी चल जाएगा क्योंकि मोदी की सरकार तो बनना तय है, तो क्या आपको पुण्य मिलेगा? आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलता है, वे आशीर्वाद देते हैं तो आपको पुण्य मिलता है... लेकिन अगर आपने वोट नहीं दिया होगा तो वह पुण्य आपके खाते में जमा होगा क्या? मैं इतने अच्छे काम करने वाला हूं... हर काम से पुण्य मिलने वाला है।
 
मोदी ने कहा कि 22 जनवरी 2024 (अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तिथि) की तारीख देश के बच्चे-बच्चे को पता है। मैं 22 जनवरी बोलता हूं और देश कह उठता है जय श्री राम। अयोध्या में उस ऐतिहासिक दिन मैंने कहा था कि राम से राष्ट्र, विरासत से विकास और अध्यात्म से आधुनिकता। आज देश इसी मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। बस्ती में छठे चरण में आगामी 25 मई को मतदान होगा। (भाषा/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी