भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने देश में बढ़ती गरीबी के लिए संप्रग सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि पिछले पाँच सालों में देश में गरीबी में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है।
चंडीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी सत्यपाल जैन के पक्ष में प्रचार करते हुए सिन्हा ने कहा कि गरीबी 20 फीसदी की दर से बढ़ी है और कांग्रेस सरकार विकास के गीत गा रही है। देश में विकास नकारात्मक दिशा में जा रहा है।
सिन्हा ने कहा कि सबसे ज्यादा गरीब भारत में हैं और पिछले एक साल में डेढ़ करोड़ लोगों ने रोजगार से हाथ धोया है।
उन्होंने कहा युवाओं के लिए रोजगार मुहैया करने के ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। कांग्रेस समस्या का समाधान करने में अक्षम है। अगर उसमें क्षमता होती तो समस्या इतनी नहीं बढ़ती।
सिन्हा ने कहा कि जनता कांग्रेस की असफलता का स्वाद चख चुकी है और अब वह राजग को मौका देने वाली है।