लाड़ली बहना की काट के लिए कांग्रेस लॉन्च करेगी नारी सम्मान योजना, 500 में गैस सिलेंडर के साथ 1500 रु. देने का वादा

विकास सिंह

शनिवार, 6 मई 2023 (17:19 IST)
ladli bahana vs nari samman yojana:मध्यप्रेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में महिला वोटर्स की बड़ी भूमिका को देखते हुए कांग्रेस अब इस बड़े वोट बैंक को साधने के लिए नारी सम्मान योजना लांन्च करने  जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 9 मई को परासिया में योजना  को लॉन्च करेंगे। कांग्रेस नारी सम्मान योजना के तहत सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने के साथ 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का फॉर्म भरवाएंगी। कांग्रेस चुनाव से पहले हर विधानसभा में कार्यकर्ताओं के जरिए महिलाओं से फॉर्म भरवाने के साथ उन तक कमलनाथ के चुनावी वादा को पहुंचाना चाहती है। 
 
कांग्रेस भले ही योजना को 9 मई को आधिकारी तौर पर लॉन्च करने जा रही है, पर कई विधानसभा में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे कांग्रेस के नेता स्थानीय तौर पर इसकी पहल कर चुके है। सागर में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश मोनी केसरवानी रहे कांग्रेस नेता ने विधानसभा क्षेत्र की 6 महिलाओं को 1500 रुपए देकर इसकी शुरुआत भी कर दी है। उन्होंने इसका कारण बताते हुए कहा कि उनके नेता और  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पहले ही कह चुके है कि सरकार आने पर महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे इसलिए उन्होंने अपने क्षेत्र में उन महिलाओं को पैसे दिए है जिनको सरकारी योजनाओं में अपात्र माना गया है। 
 
वचन पत्र में महिलाओं पर फोकस- चुनाव में महिला वोटर्स की बड़ी भूमिक को देखते हुए कांग्रेस अपने वचन पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) में प्रदेश में आधी आबादी यानि महिलाओं के वोट बैंक को साधने के लिए कई बड़े वादे करने जा रही है। इसमें सत्ता में आने पर महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने देने के साथ 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा करेगी। 
 
सरकार लॉन्च कर चुकी है लाड़ली बहना योजना- चुनावी साल में प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा सरकार लाड़ली बहना योजना लॉन्च कर चुकी है। प्रदेश में 30 अप्रैल तक योजना के एक करोड़ से अधिक महिलाएं फॉर्म भरवा चुकी है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत एक हजार रुपया हर महीन दिया जाएगा। योजना के तहत महिलाओं को हर साल सरकार 12 हजार रुपए देंगे। योजना के तहत महिलाओं को पहली किश्त 10 जून को देने की तैयारी है।
 
महिला वोटर्स को साधना क्यों जरूरी?-मध्यप्रदेश चुनाव में महिला वोटरों को साधना सियासी दलों के लिए एक जरूरी मजबूरी है। प्रदेश में करीब साढ़े पांच करोड़ वोटरों में महिला वोटर्स की संख्या दो करोड़ 60 लाख है, यानि कुल वोटरों में 48 फीसदी महिला वोटर है। वहीं जनवरी में मध्यप्रदेश चुनाव आयोग ने जो नई वोटर लिस्ट जारी की उसमें नए वोटरों में महिलाओं की संख्या अधिक है। वहीं प्रदेश की 52 जिलों में 41 जिले ऐसे है जहां पर महिला वोटरों के नाम ज्यादा जुड़े है। प्रदेश में महिला वोटरों की संख्या 7.07 लाख बढ़ी है जबकि नए पुरुष मतादाताओं की संख्या 6.32 लाख बढ़ी है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी