इंदौर भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा, CM शिवराज बोले- जनता से मिला प्यार ऐतिहासिक

बुधवार, 20 सितम्बर 2023 (23:31 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आज यहां रोड शो किया। रोड शो के दौरान रथ में सवार चौहान, विजयवर्गीय और पार्टी नेता हाथ जोडते हुए जनता का अभिवादन कर रहे थे।
 
स्वागत से अभिभूत चौहान ने कहा कि इंदौर में जनता का मिल रहा आशीर्वाद ऐतिहासिक है। समाज का हर युवा और हर वर्ग भाजपा को आशीर्वाद दे रहा है।
 
इससे स्पष्ट है कि जनता भाजपा के साथ है। खंडवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा ने आज राऊ से होते हुए इंदौर शहर में प्रवेश किया। 
 
चौहान यात्रा प्रारंभ करने से पहले बंदे साहेब गुरूद्वारा दर्शन करने पहुंचे। इसके पश्चात राऊ शहर में राष्ट्रीय महासचिव श्री विजयवर्गीय और पार्टी नेताओं के साथ रोड शो में शामिल हुए। मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव के साथ यात्रा में पूरे समय जनता का आशीर्वाद लेते हुए चल रहे थे। राऊ से यात्रा ने इंदौर जिले की विधानसभा क्रमांक 1 में प्रवेश किया। यहां पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने स्वागत कर आगवानी की।
 
रोड शो के दौरान स्वागत से अभिभूत चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए इंदौर शहर की जनता का आभार माना। 
 
उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता को प्रणाम करते हैं और धन्यवाद देते हैं। आज जनआशीर्वाद यात्रा पर जनता ने प्यार और आशीर्वाद की वर्षा की है। 
 
हमने सड़कों पर चारों तरफ देखा कोई वर्ग ऐसा नहीं था जो न आया हो। बेटे, बेटियां, बुजुर्ग विशेषकर हमारी बहनें ऐसे उत्साह, आनंद और प्रसन्नता के साथ यात्रा में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को वास्तव में जनता का सही आशीर्वाद मिल रहा है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जो काम किए है उसका परिणाम अब दिखायी दे रहा है। उन्होंने कहा कि हम सरकार नहीं, परिवार चला रहे है। यह पूरा परिवार है। 
 
मध्यप्रदेश और परिवार का प्यार जन आशीर्वाद यात्रा में बरस रहा है, इसके लिए वे आभारी हैं।
 
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक में यात्रा पहुंचने पर स्थानीय नेताओं और बडी संख्या में नागरिकों ने मुख्यमंत्री चौहान और राष्ट्रीय महासचिव श्री विजयवर्गीय का स्वागत किया। तपती धूप में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, लाड़ली बहनें हाथों में पुष्पमालाएं लिए स्वागत के लिए खड़ी हुई थी। 
 
बोहरा और मुस्लिम समाज की महिलाओं ने भी यात्रा का स्वागत किया। यहां पर मार्ग के दोनों ओर हजारों की संख्या में महिलाएं हाथों में झंडा बैनर लिए खड़ी हुई थी। विभिन्न योजनाओं की हितग्राही बहनों ने पोस्टरो के माध्यम से श्री चौहान का आभार माना।
 
इंदौर शहर में रोड शो के दौरान चौहान की एक झलक देखने के लिए घरों की छतों से बड़ी संख्या में नागरिक हाथों में मोबाइल लिए फोटो खींचते दिखे। पूरे यात्रा मार्ग को झंडे पोस्टर पाट दिया गया था। 
 
हर जगह भाजपा और केसरिया झंडे ही दिखाई दे रहे थे। कई स्थानों पर नागरिकों ने फूलों की बारिश की, जिस कारण पूरी सड़क पर फूलों की चादर बिछ गई थी। यहां से मुख्यमंत्री के रोड शो ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के राजवाड़ा चौराहे से प्रवेश किया यहां से विधायक आकाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर युवा कार्यकर्ता दो पहिया वाहन रैली के रूप में इस यात्रा में शामिल हुए।
 
जन आशीर्वाद यात्रा के रथ ने महू नाका चौराहे से विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 में प्रवेश किया। यहां विधायक मालिनी गौड़ ने यात्रा की अगवानी की। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महासचिव सहित सभी नेताओं का स्वागत किया। पार्टी नेताओं ने रथ से उतरकर महू नाका चौराहे पर स्थापित स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एकलव्य गौड़ मौजूद थे।
 
इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, जयपाल चावड़ा, मौजूद थे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी