फ्यूचर रेडी मध्य प्रदेश में सरकार का सहयोग एवं जनता का साथ उद्योगिक विकास का आधार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

विकास सिंह

शुक्रवार, 26 जुलाई 2024 (10:31 IST)
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में निवेश को सुविधाजनक बनाने के लिए कोयंबटूर तमिलनाडु में मध्य प्रदेश का एक उद्योग कार्यालय खोला जाएगा। यह कार्यालय मध्य प्रदेश और तमिलनाडु के बीच व्यापार और व्यवसाय बढ़ाने के लिए सेतु का काम करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कोयंबतूर में इन्वेस्ट एमपी- इंटरएक्टिव सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर समिट का एक उद्देश्य यह भी है कि व्यापार और व्यवसाय के आधार पर विभिन्न प्रदेश एक दूसरे के नजदीक आएं और हम मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने की दिशा में संकल्पित होकर कार्य करें। यहां के उद्योगपतियों  ने कोयंबटूर और त्रिपुर को  अपने बलबूते पर इंडस्ट्रियल हब के रूप में स्थापित किया है, अब मध्य प्रदेश आपको बुला रहा है,  हम आपको व्यापार व्यवसाय बढ़ाने के नए अवसर देने और प्रेम बांटते हुए मध्यप्रदेश व तमिलनाडु के संबंधों को अधिक मजबूत करने के उद्देश्य यहां आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोयंबटूर में आयोजित "इन्वेस्ट एमपी -इंटरएक्टिव सत्र" का  दीप प्रज्वलित कर तथा तुलसी के पौधे में जल अर्पित कर  शुभारंभ किया।

उल्लेखनीय है कि कोयंबटूर टेक्सटाइल एवं गारमेंट, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे औद्योगिक सेक्टर के लिए जाना जाता है। प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में तमिलनाडु के उद्योगपतियों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से कोयंबटूर में रोड शो और निवेशकों व उद्योगपतियों के साथ इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया गया। सत्र में 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने भागीदारी की तथा मध्यप्रदेश में निवेश के लिए 2500 करोड़ रुपए से अधिक निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी टेक्सटाइल एवं गारमेंट इंडस्ट्री,ऑटोमोबाइल एवं इंजीनियरिंग उद्योग तेजी से विकसित हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में इन क्षेत्रों में अपार संभावनाएं  हैं। उद्योगपतियों के लिए मध्यप्रदेश में निवेश कर अपने व्यापार-व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का  यह सबसे उपयुक्त समय है। मध्यप्रदेश में निवेश के हर पहलू का ध्यान  रखा गया है। मध्य प्रदेश  फ्यूचर रेडी प्रदेश है, यहाँ संभावनाओं के साथ सरकार का सहयोग एवं जनता का साथ है।

आजादी के अमृतकाल को मध्यप्रदेश का भाग्योदयकाल बनाने के लिए हम प्रदेश के उद्योग धंधों को वैश्विक सप्लाई चेन का हिस्सा बनाने के विजन पर काम कर रहे हैं। प्रदेश में उद्योगों की स्थापना और विकास के लिए राज्य सरकार सतत प्रयासरत है। इस दिशा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के जरिये  प्रदेश के हर क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन की नई पहल प्रारंभ  की गई है । निवेश प्रोत्साहन को प्रथामिकता देते हुए वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप मनाने का निर्णय लिया गया है ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में 7-8 फरवरी 2025 को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। मैं आपको प्रदेश में चल रही निवेश क्रांति का हिस्सा बनने का निमंत्रण देने आया हूँ। मुझे  विश्वास है कि मध्यप्रदेश मंव उपलब्ध अपार अवसरों का लाभ उठाते हुए  विकसित भारत के साथ ही विकसित मध्यप्रदेश के  विजन को साकार करने में आप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए राज्य का इकोसिस्टम अत्यंत अनुकूल है। वृहद श्रेणी के गारमेंट उद्योगों को आकर्षित करने के लिए प्रदेश में लागू विशेष रेडीमेड गारमेंट पॉलिसी में स्थाई पूंजी निवेश के 200 प्रतिशत तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। टेक्सटाइल इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों के अनुरूप मानव संसाधन तैयार करने के लिए  जबलपुर शहर में अति आधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत की जा रही है और स्किल एवं क्लस्टर डेवलपमेंट में सहायता के लिए तिरपुर एक्सपोर्ट एसोसिएशन के साथ भी एमओयू किया गया है। मध्य प्रदेश , देश में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को सर्वोत्तम वित्तीय लाभ का पैकेज दे रहा है।उन्होंने कहा कि कॉटन की उपलब्धता, सस्ती भूमि और आकर्षक वित्तीय लाभों के कारण देश की बड़ी टेक्सटाइल कंपनियाँ मध्य प्रदेश की तरफ आकर्षित हो रही हैं। यह गर्व का विषय है की प्रदेश के धार जिले में  पीएम मित्र इंटीग्रेटेट मेगा टेक्सटाइल पार्क को स्वीकृति मिली है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऑटो इंडस्ट्रीज के 10 से अधिक ओईएम तथा 200 से अधिक ऑटो कंपोनेंट निर्माताओं की उपस्थिति मध्यप्रदेश में है। कमर्शियल व्हीकल्स निर्माण  के लिए जरूरी ओईएम तथा एनसीलरीस की भी कई बढ़ी छोटी इकाईयां कार्यरत हैं। प्रदेश में ऑटो सेक्टर  के लिए आवश्यक सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे 'इंडो जर्मन टूल रूम, इंदौर', 'द सेंट्रल फार्म मशीनरी ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट, बुदनी में और पीथमपुर में ऑटो क्लस्टर ट्रेनिंग सेंटर एवं 'ऑटो टेस्टिंग ट्रैक नैट्रैक्स' इत्यादि भी उपलब्ध है। ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स तथा इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपोनेंट्स' राज्य सरकार के फोकस सेक्टर्स में सम्मिलित हैं तथा  शीघ्र ही इलेक्ट्रिक वेहिकल्स  के लिए फोकस्ड नीति भी लाई जा रही है। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स निर्माण को प्रोत्साहन देने के लिए  राज्य शासन द्वारा इंदौर के निकट ई वी डेडिकेटेड औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है तथा प्रदेश में भी ईवी कमर्शियल व्हीकल एवं टू व्हीलर, श्री व्हीलर का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य को  खनिज- वन- जल और पर्यटन सम्पदा का भरपूर उपहार मिला है। उद्योगों की स्थापना और निवेश के लिए मध्य प्रदेश  पीपल फेंडली, डेवलपमेंट फेंडली और एनवायरनमेंट फ्रेंडली डेस्टीनेशन है। प्रदेश की अन्य राज्यों से कनेक्टिविटी अच्छी है, प्रदेश के इंडस्ट्रियल कोरिडोर्स से विभिन्न एक्सप्रेस वे गुजर रहे हैं। प्रदेश  विद्युत सरप्लस स्टेट है, 'उद्योगों के लिए  पर्याप्त लैंड बैंक की भी उपलब्धता है और यहां क्लीन व ग्रीन एनर्जी का भंडार है। राज्य में 320 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र , 10 फूड पार्क्स  5 आईटी SEZ,  2 स्पाइस पार्क्स , 2 मल्टी प्रोडक्ट SEZ , तथा 2 प्लास्टिक पार्क्स हैं।  नए औद्योगिक पार्कों एवं एस .ई .जेड. की स्थापना  की जा रही है ।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी