कांग्रेस विधायक की शादी में CM शिवराज का डांस, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह भी हुए शामिल

विकास सिंह

सोमवार, 2 मई 2022 (22:51 IST)
भोपाल। धार के मनावर विधानसभा सीट से कांग्रेस कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा की शादी की तस्वीरें सोमवार को मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में सुर्खियों में रही। कांग्रेस के आदिवासी चेहरे हीरालाल अलावा की शादी में जिस अंदाज में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए वह काफी चर्चा में है। कांग्रेस विधायक की शादी में पहुंचे  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हाथ में तीर कमान के साथ पारंपरिक आदिवासी नृत्य भी किया।

दरअसल कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा की शादी आदिवासी रीति-रिवाज से हुई और शादी में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दूल्हे के साथ कुछ समय के लिए हाथ मे तीर कमान लेकर नृत्य किया।
कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा के कुक्षी तहसील में स्थित पैतृक स्थान भैंसलाई गांव में सोमवार को दिन भर दिल्ली से लेकर भोपाल तक के नेताओं का जामवाड़ा लगा रहा है। कांग्रेस विधायक की शादी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता और प्रदेश के नेता शामिल हुए। मनावर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और आदिवासी संगठन जयस के राष्ट्रीय संरक्षक हीरालाल अलावा की शादी छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के रहने वाले जागृति से हुई है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी