मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक, 13 साल में तीसरी बार 8 दिन लेट

Webdunia
रविवार, 25 जून 2023 (12:59 IST)
Madhya Pradesh Monsoon : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी है। 13 साल में तीसरी बार प्रदेश में इतनी लेट मानसून आया है। 
 
आईएमडी भोपाल के निदेशक आर बालासुब्रमण्यम ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार को पूर्वी मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी। 28 या 29 जून तक यह पूरे प्रदेश में पहुंच जाएगा। मध्य प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
 
उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर मानसून-पूर्व बारिश भी हो रही है, इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
 
वर्ष 2022 में मानसून अपनी सामान्य अ‍वधि से एक दिन पहले 16 जून को राज्य में पहुंचा था और 21 जून तक यह राज्य के 80 प्रतिशत हिस्से में छा गया था। केरल में मानसून इस साल अपनी सामान्य अवधि से 7 दिन की देरी से 8 जून को पहुंचा।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में सीधी में 44.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि सतना में 42.3 मिलीमीटर, रीवा में 31.6 मिलीमीटर, रतलाम में 25.4 मिलीमीटर, गुना में 22.4 मिलीमीटर, खजुराहो में 18.8 मिलीमीटर, छिंदवाड़ा में 11.6 मिलीमीटर और खरगोन में 9.8 मिलीमीटर पानी बरसा।
 
मौसम विभाग ने इंदौर, सागर, भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। 
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख