मप्र : 23 साल की महिला ने 35 मिनट में दिया 6 बच्चों को जन्म

Webdunia
शनिवार, 29 फ़रवरी 2020 (22:11 IST)
श्योपुर (मप्र)। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिला चिकित्सालय में शनिवार को 23 वर्षीय महिला ने एक प्रसव में 6 बच्चों को जन्म दिया है, हालांकि जन्म के कुछ देर बाद ही 2 बच्चों की मौत हो गई। महिला ने 35 मिनट में इन 6 बच्चों को जन्म दिया। महिला की प्रसूति में डॉक्टरों के भी पसीने छूट गए।
 
सिविल सर्जन डॉ. आरबी गोयल ने बताया कि बड़ोद तहसील की निवासी मूर्ति माली ने शनिवार सुबह जिला चिकित्सालय में निर्धारित अवधि से पहले गर्भावस्था के 28वें सप्ताह में आज सुबह 6 बच्चों को जन्म दिया।
 
उन्होंने बताया कि इनमें 4 बालक और 2 बालिकाएं थीं, सभी बच्चों का वजन बहुत कम था इस कारण 2 बालिकाओं की प्रसव के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इन नवजात बालिकाओं का वजन क्रमश: 390 और 450 ग्राम था।
 
उन्होंने बताया कि शेष जीवित 4 नवजात बच्चों का वजन भी काफी कम है और डॉक्टर्स द्वारा सतत निगरानी कर उनका उपचार किया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि महिला को सामान्य प्रसव हुआ तथा यह लगभग 35 मिनट तक चला। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के पहले प्रसव होने से बच्चों का वजन काफी कम रहा है। भोपाल की प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ मीता अग्रवाल ने पीटीआई से कहा कि यह एक बहुत ही दुर्लभ मामला है।
 
उन्होंने कहा कि स्वाभाविक तौर पर एक प्रसव में कई बच्चों का जन्म दुर्लभ होता है। इन्फर्टिलिटी का उपचार करने से इसकी संभावना बढ़ जाती है लेकिन यदि महिला को यह सामान्य तौर पर हुआ है तो यह दुर्लभ है। (भाषा) (Photo courtesy: DD News)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख