Couple dies after liver transplant surgery: पुणे में पति को अपने यकृत (liver) का एक हिस्सा दान करने वाली महिला की मौत हो गई। इससे कुछ दिन पहले प्रतिरोपण सर्जरी (transplant surgery) के बाद उसके पति की भी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने पुणे के एक निजी अस्पताल को नोटिस जारी किया है। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य सेवा के उपनिदेशक डॉ. नागनाथ एमपल्ले ने रविवार को बताया कि सह्याद्रि अस्पताल को ट्रांसप्लांट प्रक्रिया से संबंधित सभी विवरण सोमवार तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमने अस्पताल को नोटिस जारी किया है और प्राप्तकर्ता (जिसे यकृत मिला) तथा दाता (जिसने यकृत दिया) की जानकारी, उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग और इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है। अस्पताल को यह सारी जानकारी सोमवार तक देने के लिए कहा गया है।
बयान में बताया गया कि मरीज (बापू कोमकर) को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। इसमें कहा गया कि हम इस कठिन समय में कोमकर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। यकृत प्रतिरोपण एक बेहद जटिल प्रक्रिया होती है, और इस मामले में मरीज पहले से ही कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से ग्रस्त थे।
सेप्टिक शॉक एक गंभीर और खतरनाक स्थिति है, जो शरीर में भारी संक्रमण (सेप्सिस) के कारण होती है। जब संक्रमण फैल जाता है तो यह शरीर की नसों और रक्त परिसंचरण को प्रभावित करता है जिससे रक्तचाप बहुत नीचे गिर जाता है और शरीर के अंगों तक रक्त पहुंचना कम हो जाता है। बयान में कहा गया कि हम उच्चतम स्तर की देखभाल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दुखद समय में शोक संतप्त परिवार को अपना पूरा समर्थन देते हैं।(भाषा)