राजस्थान में 22 MLA ने ली मंत्री पद की शपथ, राज्यवर्धन कैबिनेट मंत्री

शनिवार, 30 दिसंबर 2023 (17:05 IST)
जयपुर। राजस्थान में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 22 विधायकों व चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी ने शनिवार को मंत्री पद की शपथ ली जिनमें से 12 को कैबिनेट, 5 को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व 5 को राज्यमंत्री बनाया गया है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में विधायकों को पद व गोपनीयता दिलाई।
 
किरोड़ी मीणा भी बने मंत्री : कैबिनेट मंत्रियों में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी व सुमित गोदारा शामिल हैं।
 
वहीं विधायक संजय शर्मा, गौतम कुमार, झाबर सिंह खर्रा, हीरालाल नागर को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ दिलाई गई है। इसके अलावा विधायक ओटाराम देवासी, डॉ. मंजू बाघमार, विजय सिंह चौधरी, केके बिश्नोई व जवाहर सिंह बेढम ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली।  (एजेंसी/वेबदुनिया) 
 
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किया गया था। भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ नवनिर्वाचित विधायक दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।
 
टीटी चुनाव जीतने से पहले मंत्री बने : राज्य की करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। इस सीट पर अब पांच जनवरी को मतदान होगा। यहां भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी उम्मीदवार हैं तो कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। सुरेन्द्रपाल सिंह को भी भजन लाल मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इस सीट पर 5 जनवरी को मतदान होना है।(एजेंसी/वेबदुनिया)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी