Earthquake in Tibet: तिब्बत में आज रात करीब 2 बजकर 41 मिनट पर भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.7 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इसकी जानकारी दी है। भूकंप आने के बाद लोग अपने घर से बाहर निकाल आए। हालांकि, अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं है। भूकंप के झटके यूपी से लेकर बिहार तक महसूस किए गए। यूपी-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तेज झटके महसूस हुए, जिसके बाद लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र अक्षांश 29.02N और देशांतर 87.48E पर, 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इससे पहले 9 मई को भी यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, लेकिन जान-माल को बड़ा नुकसान नहीं हुआ था। हिमालयी क्षेत्र होने की वजह से समय-समय पर यहां भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।