LIVE: भारत अकेला देश जो रूस, यूक्रेन, इजरायल और ईरान, सभी से बात कर सकता है

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 14 जनवरी 2025 (19:40 IST)
Latest News Today Live Updates in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मिशन मौसम की शुरुआत करते हुए कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 150 वर्षों में न केवल राष्ट्र की सेवा की है, बल्कि वह देश की वैज्ञानिक प्रगति का प्रतीक भी रहा है। पल पल की जानकारी... 


12:14 AM, 15th Jan
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वैश्विक संघर्षों को समाप्त करने में भारत की संभावित भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह (भारत) उन कुछ देशों में से एक है, जो रूस और यूक्रेन तथा इजराइल एवं ईरान दोनों के साथ बातचीत करने की स्थिति में है।
 
स्पेन की 2 दिवसीय यात्रा पर आए जयशंकर ने सोमवार को यहां भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान ये टिप्पणियां कीं। उनका स्पष्ट संदर्भ यूक्रेन और पश्चिम एशिया में चल रहे युद्धों से था। इजराइल, पश्चिम एशिया में ईरान समर्थित हमास से लड़ रहा है।
 
मंत्री ने कहा कि आज भारत को वैश्विक संवाद में योगदान देने वाले के रूप में देखा जा रहा है, जब विश्व अनेक चुनौतियों, विभिन्न मुद्दों पर विचार कर रहा है तो हम भी विचारों और पहलों के साथ आगे आते हैं। आज बहुत कम देश हैं, जो रूस और यूक्रेन से बातचीत करने की स्थिति में हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले वर्ष 2 बार रूस गए तथा यूक्रेन के कीव भी गए।
 
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत उन कुछ देशों में से एक है, जो इजराइल और ईरान दोनों से बात करने की स्थिति में है और क्वॉड तथा ब्रिक्स के सदस्य होने के नाते प्रधानमंत्री मोदी दोनों से ही बातें करने में सक्षम हैं। तो यह कुछ ऐसा है, जो वास्तव में बहुत ही अनोखा है। और यह अनोखा इसलिए है, क्योंकि अगर आप दुनिया को देखें तो यह एक बहुत ही ध्रुवीकृत दुनिया है।
 
क्वॉड में ऑस्ट्रेलिया, जापान, अमेरिका और भारत शामिल हैं जबकि ब्रिक्स समूह में अब ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात सदस्य हैं। जयशंकर ने आगे कहा कि भारत ही वह देश है जिसने अफ्रीकी संघ को जी-20 में शामिल किया, जो वर्षों पहले किया जाना चाहिए था।
 
उन्होंने कहा कि वे 20 साल पहले एक पर्यटक के रूप में स्पेन आए थे और फिर 2017 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ यहां आने का सौभाग्य मिला था। पिछले वर्ष राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज की भारत यात्रा बहुत सफल रही थी और मोदी के साथ उनकी इस बात पर सहमति है कि दोनों देशों को अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने चाहिए।
 
जयशंकर ने यह भी घोषणा की कि स्पेन जल्द ही बेंगलुरु में एक वाणिज्य दूतावास खोलेगा। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच संबंधों को गहरा करने के लिए एक अच्छा संकेत बताया। उन्होंने प्रवासी समुदाय से भारत के साथ संपर्क में रहने तथा देश में हो रही बहसों और वार्तालापों पर नजर रखने का आग्रह किया।
 
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मैंने जो सबसे बड़ा परिवर्तन देखा है, वह यह है कि भारत सरकार और भारत के लोगों ने प्रवासी समुदाय के योगदान को महत्व दिया है। जयशंकर ने मोदी को इस बात का श्रेय दिया कि उन्होंने भारतीयों को प्रवासी समुदाय के अमूल्य योगदान के बारे में समझाया।
 
विदेश मंत्री के रूप में जयशंकर की यह स्पेन की पहली यात्रा है, जो स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज की भारत यात्रा के लगभग ढाई महीने बाद हो रही है। जयशंकर ने सोमवार को स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस से मुलाकात की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

08:56 PM, 14th Jan
कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 15 और उम्मीदवार घोषित किए, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर से टिकट।

07:46 PM, 14th Jan
पहले 'अमृत स्नान' पर महाकुंभ में उमड़ा भक्तों का सैलाब, आज 3.50 करोड़ ने लगाई आस्था की डुबकी। 

03:34 PM, 14th Jan
उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर में होने वाले उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चंद्रभान पासवान को प्रत्याशी घोषित किया।

12:38 PM, 14th Jan
आप नेता अरविंद केजरीवाल का बड़ा आरोप, दिल्ली चुनाव से पहले वोट खरीदने के लिए भाजपा धन, सोने की चेन, कंबल और साड़ियां बांट रही है। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि आप उम्मीदवारों सहित अगर कोई भी धन या सामान बांटता है तो इनमें से किसी को भी वोट नहीं दें। आप का ग्राफ बढ़ रहा है, स्थिति स्पष्ट हो रही है कि पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलेगा।

12:00 PM, 14th Jan
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 150 वर्षों में न केवल राष्ट्र की सेवा की है, बल्कि वह देश की वैज्ञानिक प्रगति का प्रतीक भी रहा है। आईएमडी के बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी में पिछले 10 साल में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने भारत को मौसम के लिहाज से तैयार रहने के लिए मिशन मौसम शुरू किया है। वैज्ञानिक संस्थानों में अनुसंधान और नवाचार नए भारत के मिजाज का हिस्सा हैं।

11:35 AM, 14th Jan
आतिशी ने कालकाजी सीट से भरा नामांकन। उनका मुकाबला भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से। 

11:20 AM, 14th Jan
मुख्‍यमंत्री आतिशी के रोड शो में सरकार गाड़ी का इस्तेमाल। चुनाव आयोग के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला। आज नामांकन भर सकती है आतिशी। 

09:36 AM, 14th Jan
-जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद मकर संक्रांति के अवसर पर अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंचे।
-महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु, अब तक 1 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी। 

08:23 AM, 14th Jan
महाकुंभ में सुरक्षा के साथ ही स्वच्छता का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। सनातन धर्म में आस्था जताते हुए अखाड़े के शाही स्नान के लिए घाट पर आने से  पहले एक विदेशी श्रद्धालू ने वहां सफाई की। 

08:12 AM, 14th Jan
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, यह हमारी सनातन संस्कृति और आस्था का जीवंत स्वरूप है। आज लोक आस्था के महापर्व 'मकर संक्रांति' के पावन अवसर पर महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में प्रथम 'अमृत स्नान' कर पुण्य अर्जित करने वाले सभी श्रद्धालु जनों का अभिनंदन!

07:43 AM, 14th Jan
निरंजनी एवं आनंद अखाड़ा के संत कर रहे हैं अमृत स्नान। शाही स्नान के लिए जूना अखाड़ा तैयार। कुछ ही देर में संगम स्थल पर पहुंचेंगे जूना अखाड़े के संत। आव्हान अखाड़ा और अग्नि अखाड़ा भी सुबह 8 बजे अमृत स्नान के लिए संगम स्थल पहुंचेगा।

07:21 AM, 14th Jan
-निरंजनी एवं आनंद अखाड़ा के संत अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पर पहुंचे।
-अटल अखाड़े से जुड़े साधू संतों ने भी किया शाही स्नान। 

07:19 AM, 14th Jan
-एक एक कर 13 अखाड़े कर रहे हैं महाकुंभ में अमृत स्नान।
-संगम पर डुबकी के लिए कड़ाके की ठंड की चिंता किए बिना देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 
-महानिर्वाणी अखाड़े से जुड़े संतों ने किया शाही स्नान। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी