waterlogging in delhi: आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की दिल्ली में जलभराव को लेकर आलोचना की और तंज कसते हुए इसे 'चार इंजन वाले मॉडल' का कमाल बताया। जखीरा अंडरपास से लेकर कनॉट प्लेस तक, सफदरजंग अस्पताल से लेकर एलएनजेपी अस्पताल तक, आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव वाले स्थानों के वीडियो साझा करके स्थिति को लेकर भाजपा सरकार से सवाल किए।
क्या कर रहे हैं वर्माजी और रेखाजी? : कनॉट प्लेस के जलभराव वाले आउटर सर्कल से गुजरते वाहनों का एक वीडियो साझा करते हुए, उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि दिल्ली के कनॉट प्लेस की सड़कें तालाब बन चुकी हैं। 10 मिनट की बरसात और दिल्ली का ये हाल। ये है भाजपा की 4-इंजन की सरकार का कमाल। कहां हैं लोकनिर्माण विभाग मंत्री प्रवेश सिंह वर्माजी? क्या कर रही हैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ताजी?
दीवार गिरने की घटना पर उपराज्यपाल से भी सवाल : आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने राज निवास के पास दीवार गिरने की घटना पर उपराज्यपाल से सवाल किया जिसमें मां-बेटे की मौत हो गई थी। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि 2 मरे, कई घायल- दिल्ली को याद हैं कुछ महीने पहले तक उपराज्यपाल साहब दिल्ली के कोने कोने में जाकर सरकार की कमियां ढूंढा करते थे, वीडियो बनाते, ट्वीट करते, चिट्ठियां लिखते थे। आज उनके राजभवन के सामने दीवार गिर गई, 2 लोग मर गए, कई लोग घायल हैं। मगर उपराज्यपाल साहब अभी तक मिलने भी नही गए। ना ट्वीट, ना फोटो, ना चिट्ठी। अब दिल्ली की चिंता खत्म हो गई? ऐसा क्यों?
जलभराव को लेकर दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि अपने शासन के 4 महीनों में ही भाजपा सरकार ने निजी स्कूल की फीस, बिजली के बिल से लेकर जलभराव तक लोगों को रुला दिया है। जब आप सफाई उपकरणों और सफाई कर्मचारियों के वेतन में भ्रष्टाचार करेंगे तो सफाई कैसे होगी?
आप विधायक पुनरदीप सिंह साहनी ने उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके का एक वीडियो साझा किया, जहां सड़क के एक हिस्से की दोनों लेन पानी से भर गई थीं। जब आप सत्ता में थी, तब भाजपा अक्सर जलभराव को लेकर उसकी आलोचना करती थी और नालों से गाद निकालने में विफल रहने का आरोप लगाती थी।(भाषा)