मुंबई लौटा न्यूयॉर्क जा रहा एयर इंडिया का विमान

Webdunia
मंगलवार, 21 नवंबर 2023 (15:46 IST)
नई दिल्ली। अमेरिका के न्यूयॉर्क जा रहा एअर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी की वजह से मंगलवार को सुबह मुंबई लौट आया। बोइंग 777 विमान एहतियातन जांच के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
 
कंपनी ने एक बयान में कहा कि मुंबई से न्यूयॉर्क की उड़ान एआई 119 को मामूली तकनीकी खराबी की वजह से वापस मुंबई आना पड़ा और यात्रियों एवं चालक दल की सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती जांच के लिए विमान मुंबई में सुरक्षित रूप से उतरा। विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
 
एअर इंडिया ने कहा कि वह मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान के यात्रियों की मदद करने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है।
 
कंपनी ने कहा कि यात्रियों को होटल में ठहराने, वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था करने या उड़ान पुनर्निर्धारित करने की पेशकश की जा रही है। कंपनी के मुताबिक, उन्हें जलपान दिया गया है।
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख