अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा- आंध्र को दक्षिण का द्वार बनाएं

शुक्रवार, 26 मई 2017 (08:45 IST)
अमरावती। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के सदस्यों से गुरुवार को कहा कि वे आंध्रप्रदेश में सभी स्तरों पर पार्टी को मजबूत करके राज्य को दक्षिण के लिए भाजपा का द्वार बनाने की दिशा में कड़ी मेहनत करें। 
 
भाजपा और सत्तारूढ़ तेलुगुदेशम पार्टी आंध्रप्रदेश में सहयोगी हैं और शाह के बयान को इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि भगवा दल दक्षिणी राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का रास्ता अपना सकता है। 
 
शाह ने गुरुवार को शाम विजयवाड़ा में एक महासम्मेलन में पार्टी के मतदान केंद्र स्तर के  25,000 से अधिक कार्यकर्ताओं से कहा कि दक्षिण में भाजपा आंध्रप्रदेश में सबसे मजबूत दल बनकर उभरेगी। 
 
राज्य में सभी स्तरों पर भाजपा को मजबूत करने पर ही ऐसा होगा। उन्होंने महासम्मेलन को एक मील का पत्थर और पार्टी के लिए नए अध्याय की शुरुआत बताया और कहा कि आंध्रप्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के प्रयास पिछले 3 साल से जारी हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें