भगवा आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस ने देश को बदनाम किया-अमित शाह

बुधवार, 18 अप्रैल 2018 (15:15 IST)
बेंगलुरु। भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह कहा है कि भगवा आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस ने लाखों साल पुरानी हिन्दू संस्कृति को बदनाम किया है और इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
 
कर्नाटक विधानसभा के 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी प्रचार के लिए दो दिन की यात्रा पर यहां आए शाह ने बुधवार को  यहां शक्ति केन्द्र प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महान हिन्दू संस्कृति जो लाखों सालों से दुनिया को संस्कार, शांति और सभ्यता का संदेश देती आई है। उसको आतंकवाद के साथ जोड़ने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है और इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए।
 
भाजपा ने अध्यक्ष ने कहा कि कई वर्षों से कांग्रेस विश्व में भगवा आतंकवाद को लेकर देश की छवि धूमिल करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राहुलजी आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है और अब कांग्रेस कह रही है कि उसने इस शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारामैया समेत कई नेताओं के भगवा आतंकवाद का इस्तेमाल करने के पूरे साक्ष्य मौजूद हैं।
 
शाह ने कहा कि जब भाजपा के मात्र दो सांसद थे उस समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पार्टी के ऊपर तंज कसा था। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि 'भाजपा हम दो हमारे दो में विश्वास' करती है। वर्तमान में भाजपा लोकसभा में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार चला रही है। पार्टी के 1600 से अधिक विधायक और 20 राज्यों में सरकार है।
 
इसके अलावा तमाम स्थानीय निकायों और नगर निगमों में हम काबिज हैं। भाजपा की स्थापना दस सदस्यों के साथ हुई थी और अब विश्व में भाजपा सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। पार्टी के 11 करोड़ सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि 20 राज्यों में पार्टी की सरकार के गठन का श्रेय बूथ कार्यकर्ता और शक्ति केन्द्र प्रमुखों का है। (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी