अमित शाह ने की योगी सरकार की तारीफ...

सोमवार, 31 जुलाई 2017 (18:52 IST)
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तरप्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए सोमवार को कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है। 
 
उत्तरप्रदेश के 3 दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन प्रेस वार्ता में शाह ने कहा कि योगी सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है। एक्सप्रेस-वे और मेट्रो से जुड़े सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ऐसा एक्सप्रेस वे बनाना चाहती है, जिस पर गाड़ी चल सके। हम अखिलेश जैसा एक्सप्रेस-वे नहीं बनाना चाहते हैं। केवल घोषणा नहीं, बल्कि ठोस कार्य करना चाहते हैं। हम ऐसी मेट्रो नहीं बनाना चाहते, जो चले ही ना। 
 
शाह ने कहा कि यूपी (उत्तरप्रदेश) में जिस तरह प्रशासन का राजनीतिकरण हुआ, उसे सुधारने में कुछ वक्त लगेगा। (लेकिन) मैं उत्तरप्रदेश की जनता को आश्वस्त करता हूं कि यहां कानून का राज होगा। सपा और बसपा के 3 एमएलसी के विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के सवालों पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। 
 
जब सपा नेता शिवपाल यादव के भाजपा में शामिल होने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही ऐसा कोई विचार है। 
 
भाजपा द्वारा उत्तरप्रदेश में अन्य दलों के लोगों को तोड़ने के आरोपों पर शाह ने कहा कि जो भी नेता अन्य दलों से भाजपा में आए, चुनाव के समय आए। लेकिन इसे लेकर कुप्रचार किया जा रहा है। जो भी नेता अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए, उन्हें जनादेश हासिल करने के लिए जनता के समक्ष उपस्थित किया गया। हमने सरकार का दुरुपयोग कर किसी को नहीं तोड़ा है। 
 
इसी परिप्रेक्ष्य में बिहार को लेकर शाह ने कहा कि बिहार में भी हमने कोई दल नहीं तोड़ा है। नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया क्योंकि उन्होंने तय किया कि उन्हें भ्रष्टाचार के साथ नहीं रहना चाहिए। 
 
पहले दलितों के घर और अब उत्तरप्रदेश में सपा के पारंपरिक वोट बैंक यादवों को निगाह में रखते हुए यादव के घर जाकर भोजन करने के सवालों पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसके ज्यादा राजनीतिक अर्थ ना लगाइए। दलित भी भाजपा का कार्यकर्ता है। सोनू यादव भी भाजपा का कार्यकर्ता है। 
 
उल्लेखनीय है कि अपने प्रवास के दूसरे दिन रविवार को शाह दोपहर भोज के लिए भाजपा कार्यकर्ता सोनू यादव के घर गए थे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार के अन्य मंत्री एवं भाजपा के नेता भी गए थे। 
 
भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्र में भेजने की अटकलों पर शाह ने कहा कि मौर्य उत्तरप्रदेश में ही पूरा समय सरकार का काम करेंगे। 
 
शाह ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने बिजली क्षेत्र में सुधार किया। किसानों की कर्ज माफी योजना लाए। गेहूं की व्यापक खरीद की। गन्ना किसानों की बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा बसपा सरकारों की चीनी मिलों से मिलीभगत के कारण भुगतान नहीं होता था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें