कोरोना के दौरान झूठी सूचनाओं के कारण दुनियाभर में गई हजारों लोगों की जान : अनुराग ठाकुर

शनिवार, 11 मार्च 2023 (19:28 IST)
मुंबई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 महामारी के दौरान गलत सूचना और झूठ के प्रसार को शनिवार को बड़ी संख्या में झूठी सूचनाएं फैलाए जाने जैसा बताया और कहा कि दुनियाभर में इसके चलते हजारों लोगों की जान चली गई।

ठाकुर पुणे शहर में यूथ 20 (वाई20) परामर्श बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसका आयोजन पुणे शहर में एक निजी विश्वविद्यालय में किया गया था। वाई20, जी20 के सभी सदस्य देशों के युवाओं के लिए एक परामर्श मंच है, जहां वे संवाद करते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य विषय के बारे में ठाकुर ने कहा, महामारी से अधिक यह बड़ी संख्या में झूठी सूचनाएं फैलाए जाने जैसा था क्योंकि झूठी और गलत सूचना फैलाई गईं और इसके चलते दुनिया में हजारों-हजार लोगों की मौत हुई।

सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेलमंत्री ने कहा, कभी-कभी हमें यह भी देखना होगा कि प्रौद्योगिकी मददगार है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि विश्व में भारत की स्थिति सकारात्मक रूप से बदली है।

मंत्री ने कहा, भारत अब किसी भी वार्ता में बराबरी के स्तर पर बात करता है, यह मायने नहीं रखता कि वार्ता में कौनसा देश शामिल है। नया भारत बेहतर हो रहा है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी