बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर भी बनेंगे स्मार्ट शहर

शनिवार, 20 जनवरी 2018 (08:12 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर को भी स्मार्ट शहरों के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है।
 
मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्मार्ट शहर मिशन के तहत सरकार ने शुक्रवार को नौ और शहरों के नामों की घोषणा की जिनमें दादर और नगर हवेली के सिलवासा शहर को पहले स्थान पर रखा गया है।
 
आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप पुरी ने इन शहरों की घोषणा करते हुए बताया कि सिलवासा, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर के साथ साथ तमिलनाडु के इरोड, दमन और दीव के दीव, बिहार के बिहारशरीफ, अरूणाचल प्रदेश के ईटानगर और लक्षद्वीप के कावारत्ती को भी स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि इन शहरों में लगभग 410 परियोजनाओं के प्रस्ताव आए हैं जिन के लिए 12 हजार 824 करोड़ रुपए के निवेश की योजना है।
 
पुरी ने कहा कि चौथे चरण के शहरों की घोषणा के बाद स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किए जाने वाले शहरों की संख्या 99 हो गई है और अब केवल एक शहर का चयन किया जाना बाकी है। इन 99 शहरों को विकसित करने के लिए 2 लाख 3 हजार 979 करोड़ रुपए की जरूरत होगी।
 
मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद देश के 100 शहरों की कायापलट कर इन्हें स्मार्ट शहरों के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। (वार्ता) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी