दिवंगत नेता को मुखाग्नि उनके नाती राघव शर्मा ने दी। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा के महासचिव राम लाल, केंद्रीय खेलमंत्री विजय गोयल, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के महापौर सुभाष आर्य आदि सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि भाई महावीर (94) का शनिवार को दिल्ली में निधन हो गया था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाई महावीर के निधन से काफी दु:खी हूं। उनका भारत के पुनरुद्धार की प्रतिबद्धता में काफी अतुलनीय सहयोग रहा है। वे काफी निष्ठावान थे और उनका देश के निर्माण में योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य और मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्रद्धेय भाई महावीरजी के निधन का दु:खभरा समाचार मिला। मैं उनके परिवार एवं स्नेहीजनों को इस दु:खद घड़ी पर अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।