Bharat Jodo Nyay Yatra की बंगाल में एंट्री, राहुल गांधी ने CM ममता को दिया संदेश

गुरुवार, 25 जनवरी 2024 (15:13 IST)
Bharat Jodo Nyaya Yatra in West Bengal: वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के रास्ते अब पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई है। मु्‍खयमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बंगाल की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद सभी नजर इस बात है कि राहुल का रुख बंगाल सरकार को लेकर क्या रहेगा। उन्होंने बता दिया कि वे ममता से रिश्ते खराब करने के मूड में बिलकुल भी नहीं हैं। 
 
राहुल गांधी की यात्रा ने असम के रास्ते 12वें दिन बंगाल के कूच बिहार जिले में प्रवेश किया। राहुल गांधी ने यहां कहा कि देश में अन्याय हो रहा है, इसलिए उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा में न्याय शब्द को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ इंडिया गठबंधन एक साथ लड़ने जा रहा है। उनके बयान ने स्पष्ट कर दिया है टीएमसी और कांग्रेस भले ही राज्य में चुनाव एक साथ नहीं लड़ें, लेकिन उनका गठबंधन बना रहेगा। 

यात्रा ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में कूचबिहार जिले के बशीरहाट से होते हुए राज्य में प्रवेश किया।  तूफानगंज और कूचबिहार शहर से गुजरने के बाद गांधी कूचबिहार में मां भवानी चौक से पदयात्रा करेंगे। 
 
अन्याय खिलाफ लड़ाई में हम सब एक : कांग्रेस ने भी एक्स पर पोस्ट में कहा- जनता का बेशुमार प्यार और आशीर्वाद लिए पश्चिम बंगाल के कूचबिहार पहुंची 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'। जननायक राहुल गांधी जी के लिए उमड़ी इस मोहब्बत ने साफ कर दिया है कि अन्याय के खिलाफ इस लड़ाई में हम एक हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी। ममता कांग्रेस को केवल 2 सीटें ही देना चाहती थीं, लेकिन कांग्रेस ज्यादा सीटें मांग रही थी। ऐसे में ममता ने बनर्जी ने बुधवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी बंगाल की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। 
 
हालांकि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ममता बनर्जी पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सीटों के लिए भीख नहीं मांगेगी।

29 जनवरी को बिहार में प्रवेश : यात्रा बस के जरिए घोक्साडांगा में जारी रहेगी। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए  अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा पहुंचेगी। 26-27 जनवरी को 2 दिन के विराम के बाद यात्रा जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग जिलों से गुजरेगी और 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी। (वेबदुनिया/एजेंसी)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala


वेबदुनिया पर पढ़ें