केंद्र के कामकाज पर भाजपा-कांग्रेस में छिड़ा 'वाकयुद्ध'

शनिवार, 28 मई 2016 (23:35 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस एवं भाजपा ने नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रदर्शनों को लेकर शनिवार को एक-दूसरे पर बयानों के तीर चलाए, जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने अर्थव्यवस्था को लेकर केन्द्र पर हमला बोला, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल को गलत आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।
चिदंबरम की आलोचना को खारिज करते हुए भाजपा ने उन्हें विफल वित्तमंत्री बताया, जिनके नेतृत्व में देश का जीडीपी विकास पांच प्रतिशत से नीचे चला गया, जबकि मोदी सरकार के तहत यह 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
 
पूर्व वित्तमंत्री चिदंबरम ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए जरूरी साहसी ढांचागत सुधार पर आगे बढ़ने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसके लिए साहस जुटाना चाहिए तथा विपक्ष के साथ संवाद करना चाहिए।
 
मोदी सरकार के दो साल के बारे में चिदंबरम ने आश्चर्य जताया कि यदि कृषि एवं उद्योग संकट में हैं तो जश्न मनाने जैसा क्या है?
 
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को सरकार के खिलाफ गलत आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। सरकार संप्रग शासन के दौरान की गई गलतियों को ठीक करने का प्रयास कर रही है।
 
शर्मा ने कहा, कांग्रेस बुरे समय से गुजर रही है तथा उसे इस बात के लिए आत्ममंथन करना चाहिए क्यों लोग उसे खारिज कर रहे हैं। कांग्रेस को मोदी सरकार पर हमला बोलने और उसके खिलाफ आरोप लगाने से लाभ नहीं मिलेगा। 
 
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भारत की छवि बिगाड़ने के लिए पाकिस्तान के 'भगवा आतंक सिद्धांत' को आगे बढ़ाने तथा इशरत जहां जैसे आतंकवादियों को महिमामंडित करने का आरोप लगाया।
 
शर्मा ने कहा, एक विफल गृहमंत्री के रूप में आपने पाकिस्तान द्वारा भारत की छवि को दुनियाभर में नुकसान पहुंचाने के लिए दिए गए भगवा आतंकवाद के सिद्धांत को आगे बढ़ाया तथा अपने राजनीतिक लाभ एवं वोट बैंक राजनीति के लिए निर्दोष लोगों को जेल में डाल दिया। 
 
उन्होंने कहा, अब जबकि कानून अपना काम कर रहा है, कांग्रेस हताश है तथा खुफिया एजेंसियों की भूमिका पर सवालिया निशान लगाने का प्रयास कर रही है। शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस जो काम पिछले 60 साल में करने में विफल रही, उसे भाजपा सरकार ने पिछले दो सालों में करने का प्रयास किया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें