राहुल गांधी ने बताया, संसद में क्यों हुई धक्का मुक्की? कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 19 दिसंबर 2024 (12:08 IST)
rahul gandhi in parliament : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के धक्का-मुक्की के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्तापक्ष के सदस्यों ने विपक्षी सांसदों को संसद भवन में जाने से रोका और धमकी दी। उन्होंने कहा कि मैं संसद के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन भाजपा के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे, धक्का दे रहे थे और धमका रहे थे।
 
रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्षी नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह संसद है और अंदर जाना हमारा अधिकार है। ALSO READ: राहुल गांधी के धक्के से 2 भाजपा सांसद घायल, 1 आईसीयू में भर्ती
 
अक्सर सफेद रंग टी-शर्ट पहनने वाले राहुल गांधी नीले रंग की टी-शर्ट पहनकर संसद पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि संविधान और बाबासाहेब की स्मृति का अपमान हुआ है। 
 
इस बीच कांग्रेस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि इस वीडियो में साफ दिख रहा है, BJP सांसद हाथों में डंडे लगे प्लेकार्ड लेकर विपक्ष के सांसदों को सदन में जाने से रोक रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी, प्रियंका गांधी जी और अन्य महिला सांसदों के साथ BJP के सांसद धक्का-मुक्की कर रहे हैं। ये सरासर गुंडई है।
गौरतलब है कि भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की, जिसके कारण उसके सांसद प्रताप सारंगी गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। इस धक्का मुक्की में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हुए हैं, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। 
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी