India Pakistan Ceasefire : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत पाकिस्तान के बीच युद्धविराम हो गया है। उन्होंने एक्स पर इसकी जानकारी दी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शनिवार शाम 5 बजे से युद्धविराम लागू हो गया है। दोनों ही देश सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हो गए हैं। हालांकि युद्धविराम की घोषणा से भारत की काफी किरकिरी हुई है। ऐसा लग रहा है कि भारत अमेरिका के दबाव में झुक गया।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंन ने कहा कि दोनों देश तत्काल प्रभाव से सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस बात की जानकारी दी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता में लंबी कोशिश के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
क्या कहा मिसरी ने : विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच अब युद्धविराम हो गया है। मिसरी ने कहा कि आज दोपहर 3.35 बजे दोनों देशों के DGMO के बीच बातचीत हुई थी। इसमें फैसला लिया गया था कि आज शाम 5 बजे से दोनों देश आकाश, जल, और थल पर तत्काल हमले रोक देंगे। मिसरी ने कहा कि 12 मई को दोनों देशों के अधिकारी आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala