झारखंड के सियासी संग्राम में गरमाई छत्तीसगढ़ की राजनीति, भूपेश बघेल बोले- भाजपा खरीद फरोख्‍त में जुटी

बुधवार, 31 अगस्त 2022 (10:44 IST)
रायपुर। झारखंड में सियासी संग्राम के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के 31 विधायकों को रायपुर भेज दिया है। इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्‍त करने का आरोप लगाया।
 
बघेल ने कहा कि राजभवन ने अभी तक चुनाव आयोग का लेटर नहीं खोला है। इसका मतलब है कि कुछ प्लानिंग चल रही है। झारखंड के विधायकों के यहां आने से भाजपा चिंतित क्यों है। यदि विधायकों को झारखंड में आजाद घूमने दिया जाता तो भाजपा को उन्हें खरीदने और 20 करोड़ देने का मौका मिल जाता।
 
इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमनसिंह ने ट्वीट कर कहा था कि भूपेश जी कान खोलकर सुन लीजिए! छत्तीसगढ़ अय्याशी का अड्डा नहीं है, जो छत्तीसगढ़ियों के पैसे से झारखंड के विधायकों को दारू-मुर्गा खिला रहे हैं। असम, हरियाणा के बाद अब झारखंड के विधायको का डेरा, इन अनैतिक कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ महतारी आपको कभी माफ नहीं करेगी।
 
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को झारखंड में सरकार गिरने के डर से यूपीए के 31 विधायकों समेत 41 नेता कांग्रेस नीत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच गए हैं। विधायकों ऑलीशान मेफेयर रिसॉर्ट में रोका गया है।
 
झारखंड से रायपुर पहुंचे इन विधायकों में 9 विधायक झामुमो के हैं, जबकि 12 विधायक कांग्रेस के हैं। राज्य में बहुमत के लिए 41 विधायकों की जरूरत होती है। भाजपा के राज्य में 26 विधायक हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी