Rahul Gandhi got bail: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मंगलवार को अपने खिलाफ मानहानि के एक मामले में यहां एक विशेष एमपी-एमएलए (सांसद-विधायक) (MP-MLA (MP-MLA) अदालत में पेश हुए और उन्हें जमानत (bail) मिल गई। गांधी के वकील प्रांशु अग्रवाल ने यह जानकारी दी। अग्रवाल ने बताया कि यह मामला 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) के दौरान भारतीय सैनिकों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से संबंधित है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 दिसंबर, 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडियाकर्मियों और जनता को संबोधित करते हुए गांधी ने नौ दिसंबर (2022) को अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई झड़प का ज़िक्र किया तथा कहा कि लोग भारत जोड़ो यात्रा के बारे में तो पूछेंगे, लेकिन चीनी सैनिकों द्वारा हमारे सैनिकों की पिटाई के बारे में एक बार भी नहीं पूछेंगे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की कथित पिटाई के बारे में गांधी के बयान से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।(भाषा)