कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

Webdunia
शनिवार, 14 जनवरी 2023 (09:38 IST)
जालंधर। पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का शनिवार सुबह निधन हो गया। वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। 
 
बताया जा रहा है कि संतोख सिंह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी धड़कन तेज हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
 
24 घंटे के लिए रोकी यात्रा : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण कांग्रेस नेता एवं सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद पार्टी ने उनके सम्मान में शनिवार को एक दिन के लिए यात्रा रोक दी। यात्रा इस समय पंजाब में है।
 
कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने भी 15 जनवरी को जलंधर में होने वाले अपने संवाददाता सम्मेलन को स्थगित कर दिया है और अब यह 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा।

राहुल ने इस तरह किया याद : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान पार्टी के सांसद और वरिष्ठ नेता संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दो बार सांसद रहे 76 वर्षीय चौधरी को परिश्रमी नेता तथा कांग्रेस का मजबूत स्तंभ बताया।
 
गांधी ने ट्वीट किया, 'श्री संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।'

कौन थे संतोख सिंह : पंजाब कांग्रेस के दिग्गज कांग्रेस नेताओं में शुमार संतोख सिंह का जन्म 18 जून 1846 में पंजाब के धालीवाल में हुआ था। वे 2014 और 2019 में जालंधर से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए थे।
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख