गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ चक्रवात मोंथा, आंध्र में सबसे ज्यादा खतरा, किन राज्यों में होगा असर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 (13:00 IST)
Cyclone Montha News: चक्रवात ‘मोंथा’ गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। यह तूफान मंगलवार (28 अक्टूबर) शाम या रात को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। लैंडफॉल के दौरान हवा की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। 
 
कब टकराएगा मोंथा : मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी में मोंथा का ज्यादा असर दिखाई दे सकता है, जबकि झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, और दिल्ली-एनसीआर तक भी मौसम में बदलाव के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर (मंगलवार) की शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इसके आंध्र प्रदेश तट पर मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के पास से गुजरने का अनुमान है।
 
समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी : इस दौरान हवा की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। 'मोंथा' चक्रवात से देश के पूर्वी तटीय राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है, लेकिन सबसे ज्यादा खतरा आंध्र प्रदेश को है। तटीय जिलों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। नेल्लोर से श्रीकाकुलम तक तटीय इलाकों में 2 से 4.7 मीटर ऊंची समुद्री लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है। तटीय इलाकों से बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। 
 
आंध्र में टकराने के बाद चक्रवात का असर ओडिशा में भी दिखेगा। राज्य के 15 जिले प्रभावित होंगे। मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़ा, गजपति, गंजम, कंधमाल और कालाहांडी में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तेलंगाना में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी तूफान का असर दिखाई देगा। 
 
72 से ज्यादा ट्रेनें रद्द : इस बीच, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमें संभावित प्रभावित होने वाले सभी राज्यों में तैनात की गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित निकालने और अस्थायी राहत केंद्र बनाए गए हैं चक्रवात को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने 28 और 29 अक्टूबर को चलने वाली 72 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षा परामर्श का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी