चीन से तनाव के बीच रक्षामंत्री राजनाथ ने पूर्वी लद्दाख में की सैन्य तैयारियों की समीक्षा

शनिवार, 24 अक्टूबर 2020 (21:42 IST)
नई दिल्ली। चीन के साथ पूर्वी लद्दाख में पिछले 5 महीने से चले आ रहे सैन्य गतिरोध के बीच दार्जीलिंग और सिक्किम के 2 दिन के दौरे पर गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी सेक्टर में स्थिति और सैन्य तैयारियों की समीक्षा की है। रक्षामंत्री आज दिन में पूर्वी सेक्टर में 33वीं कोर के मुख्यालय सुकना पहुंचे थे।

रक्षामंत्री के कार्यालय ने आज ट्वीट कर कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी सेक्टर में सुकना स्थित 33वीं कोर के मुख्यालय में स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। सिंह पूर्वी सेक्टर में अग्रिम मोर्चों का दौरा करेंगे और जवानों के साथ बातचीत करेंगे।

रक्षामंत्री इस बार जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे और शस्त्र पूजा करेंगे। वह सीमा सड़क संगठन द्वारा तैयार किए गए ढांचागत प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर करीब पिछले 5 महीने से सैन्य गतिरोध बना हुआ है और कई जगहों पर दोनों देशों के सैनिक कई बार आमने-सामने आ चुके हैं।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी