5 दिन बाद भी पानी में डूबीं रही दिल्ली की सड़कें, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

शनिवार, 15 जुलाई 2023 (08:34 IST)
Delhi Flood : ITO रोड, शांति वन, कश्मीरी गेट समेत दिल्ली के कई इलाके 5 दिन बाद भी पानी डूबे रहे। हालांकि यमुना का जलस्तर अब कम हो रहा है। राजधानी में राहत और बचाव के लिए NDRF की टीमें तैनात की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

घट रहा है यमुना का जलस्तर :  दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह जल स्तर घटना शुरू हुआ लेकिन यह प्रति घंटे कुछ सेंटीमीटर की गति से ही कम हो रहा है। बहरहाल, यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 से दो मीटर अधिक पर बह रही है।
 
केंद्रीय जल आयोग के बाढ़ निगरानी पोर्टल के अनुसार, यमुना का जल स्तर शनिवार सुबह सात बजे घटकर 207.62 मीटर पर आ गया। गुरुवार रात 8 बजे यह 208.66 मीटर पर था।
 
इंद्रप्रस्थ जल रेगुलेटर पर तटबंध का काम पूरा : दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा कि सेना ने यमुना नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ के निकट क्षतिग्रस्त हुए जल रेगुलेटर की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है।
 
उपराज्यपाल ने ट्वीट किया, 'मजदूर कर्मियों, भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों को नमन। उनके अथक प्रयास और परिश्रम से ही विश्व स्वास्थ्य संगठन की इमारत के सामने यमुना का तटबंध किया जा सका और आईटीओ बैराज पर गाद से जाम द्वार को खोला जा सका।'
 
उफनती यमुना नदी का पानी इस जल रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण आईटीओ, रिंग रोड पर बाढ़ का पानी घुस गया, जो बहते-बहते मथुरा रोड पर उच्चतम न्यायालय के करीब पहुंच गया था।
 
जल्द ही खुलेंगे पांचों गेट : मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी ट्वीट कर कहा कि करीब 20 घंटों की बिना रुके मेहनत के बाद, ITO बैराज का पहला जाम हुआ गेट खोल दिया गया है। गोताखोर टीम ने पानी के नीचे से सिल्ट कंप्रेसर द्वारा निकाली, फिर हाईड्रा क्रेन से गेट को खींचा गया। जल्द ही पांचों गेट खोल दिए जाएंगे। आर्मी इंजीनियर रेजिमेंट और गोताखोरों का विशेष धन्यवाद।
 
दिल्ली में बारिश का अलर्ट : लक्ष्मी नगर, आयानगर, लोधी रोड, मुंगेशपुर और पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग कार्यालय ने दिल्ली में शनिवार को मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी