हाईकोर्ट की शरण में संजय सिंह, क्या आज मिलेगी राहत?

Webdunia
शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2023 (11:56 IST)
Sanjay singh news in hindi : दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह की, उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ दाखिल याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय आज सुनवाई करेगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हुई है कि क्या हाईकोर्ट से संजय सिंह को राहत मिलेगी।
 
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के वकील ने मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति संजीव नरूला की पीठ के समक्ष मामले पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। सिंह के वकील ने कहा कि गिरफ्तारी के उचित आधार उन्हें नहीं बताए गए हैं। इस पर अदालत ने कहा, ठीक है।
 
गौरतलब है कि दिल्ली की राउज कोर्ट ने 10 अक्टूबर को आबकारी नीति घोटाला मामले से संबंधित धन शोधन मामले में गिरफ्तार सिंह की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी थी। ईडी का मामला सीबीआई की ओर से दर्ज की गई प्राथमिकी से उपजा है।
 
सीबीआई और ईडी के अनुसार, दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 को संशोधित करते समय अनियमितताएं की गईं और लाइसेंस धारकों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
 
दिल्ली सरकार ने 17 नवंबर 2021 को नई आबकारी नीति लागू की थी लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सितंबर 2022 के अंत में इसे समाप्त कर दिया था। इस मामले में वरिष्‍ठ आप नेता मनीष सिसोदिया भी जेल में है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख