दिल्ली से मक्का तक कातिल गर्मी की मार, अमेरिका और इटली का भी हाल बेहाल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 20 जून 2024 (14:23 IST)
heat wave : दिल्ली से मक्का तक इन दिनों भीषण गर्मी की मार पड़ रही है। तेज गर्मी की मार ना सह पाने की वजह से लोगों की जान जा रही है। पिछले कुछ हफ्तों में राजस्थान में 2 बार तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अमेरिका, इटली समेत कई देशों में गर्म हवाएं जमकर कहर ढा रही है। ALSO READ: दिल्ली में भीषण गर्मी से हाहाकार, 48 घंटों में 50 शव बरामद
 
इन राज्यों में गर्मी की मार : पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर प्रदेश, दक्षिण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों और ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति बनी हुई है।
 
भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। एयर कंडीशनर और कूलर का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। पावर ग्रिड भारी दबाव में हैं। शॉर्ट सर्किट और आग की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

110 की मौत : इस वर्ष एक मार्च से लेकर 18 जून के बीच में देश के बड़े हिस्से में जारी भीषण गर्मी ने कम से कम 110 लोगों की जान ले ली और 40,000 से अधिक लोगों को हीटवेव से जूझना पड़ा।
 
राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र (NCDC) द्वारा राष्ट्रीय गर्मी से संबंधित बीमारी और मृत्यु निगरानी के तहत जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित है। यहां लू और हीटवेव से करीब 36 लोगों की मौत हई है। उसके बाद बिहार, राजस्थान और ओडिशा में लोगों की जान गई हैं।
 
निगम बोध घाट पर 142 शवों का दाह संस्कार : दिल्ली निगम बोध घाट पर बुधवार रात 12 बजे तक 142 शवों का दाह संस्कार किया गया। इससे पहले कोरोना के समय 22 अप्रैल 2021 में 253 शवों का दाह संस्कार किया गया था। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में मौत का कारण गर्मी हो सकती है। हालांकि इस श्मशान घाट पर दाह संस्कार के लिए आए शवों के मौत का कारण दर्ज नहीं किया जाता।
 
लू पीड़ितों के लिए स्पेशल यूनिट : उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जिससे लू लगने से होने वाली मौतें बढ़ गई हैं और केंद्र सरकार ने अस्पतालों को ऐसे मरीजों की देखभाल के लिए विशेष इकाइयां स्थापित करने का परामर्श जारी किया है। लोगों से भी कड़ी धूप में घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
 
मक्का में 68 भारतीयों की मौत : सऊदी अरब में एक राजनयिक ने बुधवार को कहा कि इस साल हज यात्रा के दौरान 68 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जिससे कुल मौतों की संख्या 600 से अधिक हो गई है। मरने वालों में 323 मिस्रवासी और 60 जॉर्डनवासी शामिल हैं। इंडोनेशिया, ईरान, सेनेगल, ट्यूनीशिया समेत कई देशों ने भी मौतों की पुष्टि की है। कुछ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है और इनमें कई बुजुर्ग तीर्थयात्री थे और कुछ की मौत मौसम की स्थिति के कारण हुई है। सऊदी राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि सोमवार को मक्का की ग्रैंड मस्जिद में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस (125 फारेनहाइट) तक पहुंच गया था।
 
अमेरिका में टूटा 67 साल का रिकॉर्ड : अमेरिका भी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। फिनिक्स में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहीं शिकागो में सोमवार को 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ 1957 का रिकॉर्ड टूट गया। हीट वेव को देखते हुए अमेरिका को स्वास्थ्य अलर्ट जारी किया है। गर्मी के मौसम के शुरुआती हफ्ते में ही शिकागो समेत कई शहरों में गर्मी के रिकॉर्ड बन रहे हैं।
 
इटली में लू : मीडिया खबरों के अनुसार, इटली में भी गर्म हवाएं कहर ढा रही है। सिसिली और सार्डिनिया में तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री अधिक है। रोम, नेपल्स, फ्लोरेंस में भी पारा 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। यहां लू चलने की आशंका जताई गई है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी