यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में भीषण गर्मी की मार, बलिया में 3 दिन में 54 की मौत

Webdunia
रविवार, 18 जून 2023 (09:30 IST)
Heat Wave in 11 states : राजस्थान, गुजरात, असम समेत कई राज्यों में इन दिनों भारी बारिश हो रही है तो देश के 11 राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड और तमिलनाडु में लू चलीं। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू चल रही है। यूपी के बलिया में भीषण गर्मी की वजह से 3 दिन में 54 लोग मारे गए।

ALSO READ: बिपरजॉय से राजस्थान में बाढ़ से हालात, मौसम विभाग ने 24 जिलों में जारी किया रेड अलर्ट
भीषण गर्मी की चपेट में यूपी : उत्तप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के बलिया में 3 दिन में गर्मी की वजह से 54 लोगों की मौत हो गई। यहां करीब 400 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, मारे गए अधिकांश लोग बुजुर्ग थे और पहले से अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। 
 
बिहार में 10 जिलों में पारा 44 के पार : बिहार भी भीषण गर्मी की चपेट में है। शनिवार को राज्य के 10 जिलों में पारा 44 के पार पहुंच गया वहीं 22 जिलों में पारा 40 पार कर गया।

औरंगाबाद, रोहतास, भभुआ, बक्सर, भोजपुर और अरवल जिले में अत्यधिक भीषण गर्मी के साथ लू की चेतावनी दी गई है। पूर्वी चंपारण, पटना,नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बांका, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया और जमुई जिले में भी गर्मी को लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। जहानाबाद, गया, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया और कटिहार जिलों में भी इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है।
 
ओडिशा में भी गर्मी से हाल बेहाल : ओडिशा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सोनपुर, झारसुगुड़ा, भुवनेश्वर और तलचर में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। सरकार ने राज्य में भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम के मद्देनजर स्कूलों की गर्मी छुट्टी दो दिन के लिए बढ़ा दी है। राज्य के सरकारी और निजी स्कूल अब 19 जून की जगह 21 जून को खुलेंगे।
 
झारखंड में बिजली कटौती से लोग परेशान : भीषण गर्मी और लू चलने के बीच राज्य में घंटों लंबी बिजली कटौती से लोग काफी परेशान हैं। राज्य की राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41।4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में अब तक सबसे ज्यादा था। राज्य में अगले कम से कम तीन-चार दिनों से भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख