आंध्रप्रदेश में भीषण बाढ़ से हाहाकार, 8 की मौत, 12 लापता

शनिवार, 20 नवंबर 2021 (10:35 IST)
अमरावती। शुक्रवार को आंध्रप्रदेश में रायलसीमा के 3 जिलों एवं 1 दक्षिणी तटीय जिले में 20 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा होने से भयंकर तबाही हुई है और वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। अब भी 12 लोग कडप्पा जिले में लापता हैं तथा वायुसेना, एसडीआरएफ और अग्निशमन सेवाओं के कर्मियों ने आकस्मिक बाढ़ में फंसे कई लोगों को बचाया।
 
मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात की और स्थिति के बारे में जानकारी ली एवं राज्य को सभी सहायता पहुंचाने का वादा किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि मुख्यमंत्री शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उफनती नदियों एवं नहरों से कई जिलों में बाढ़ आ गई है तथा कुछ स्थानों पर सड़कें टूट गई हैं और जनजीवन पटरी से उतर गया है।
 
रेनीगुंटा में तिरुपति अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शुक्रवार को उड़ान परिचालन के लिए खोला गया, परंतु तिरुमला पहाड़ियों को जाने वाली 2 घाट सड़कें बंद रहीं। अलीपीरी से तिरुमला को जाने वाली सीढ़ीदार सड़क को भूस्खलन एवं बाढ़ से बड़ा नुकसान पहुंचा है और उसे बंद कर दिया गया है।
 
मुख्यमंत्री ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् के अधिकारियों से पहाड़ी पर फंसे तीर्थयात्रियों के लिए रहने एवं भोजन का प्रबंध करने को कहा है। कडप्पा जिले के राजमपेटा में चेय्येरू नहर में आकस्मिक बाढ़ आने से कम से कम 5 लोगों की जान चली गई तथा 12 लोग अब भी लापता हैं। जिलाधिकारी विजय रामा राजू ने बताया कि जिले में कुल 8 लोगों की मौत हुई है।(फ़ाइल चित्र)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी