मुंबई से गोवा के बीच चलेगी हाइटैक ट्रेन तेजस

शनिवार, 20 मई 2017 (22:48 IST)
नई दिल्ली। मुंबई से गोवा के बीच शुरू होने वाली देश की पहली हाईटैक ट्रेन तेजस सुपरफास्ट एक्सप्रेस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में करीब बीस प्रतिशत अधिक होगा।
                
रेलवे बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, मुंबई से करमाली जाने के लिए सभी शुल्क एवं कर मिला कर चेयरकार का किराया 1525 रुपए और एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2985 रुपए  होगा, जबकि वापसी में करमाली से मुंबई तक चेयरकार का किराया 1470 और एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी का 2935 रुपए होगा। इसमें खानपान का शुल्क भी शामिल है।
              
सूत्रों के अनुसार, तेजस में प्रीपेड भोजन की प्रणाली शुरू की जा रही है यानी टिकट बुक करते वक्त यात्री से पूछा जाएगा कि क्या वह गाड़ी में उपलब्ध चाय, नाश्ता या भोजन की सुविधा लेना चाहता है या नहीं। गाड़ी में राजधानी, शताब्दी एवं अन्य प्रीमियम ट्रेनों की तर्ज पर शाकाहारी एवं मांसाहारी दोनों प्रकार का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
 
सूत्रों के अनुसार, प्रीपेड खानपान की सेवा के विकल्प को नहीं चुनता है तो उसके मूल्य को किराए की राशि कम कर दिया जाएगा लेकिन  पानी और अखबार के 20 रुपए  लेकर टिकट दे दिया जाएगा। यदि गाड़ी में सवार होने के बाद कोई यात्री खानपान सेवा का उपभोग करना चाहे तो उपलब्ध होने की दशा में भोजन के मूल्य के साथ पचास रुपए अतिरिक्त शुल्क देकर ले सकता है।
               
सूत्रों ने किराए के विश्लेषण के बारे में बताया कि चेयरकार के किराया ढांचे में 1030 रुपए  मूल किराया, खानपान का 344 रुपए, पानी एवं अखबार के 20 रुपए, सुपरफास्ट प्रभार के 45 रुपए में आरक्षण शुल्क के 40 रुपए, सेवा कर 42 रुपए  शामिल हैं। कुल किराया 1521 रुपए हुआ जो निकटतम पांच के गुणक में 1525 रुपए  तय किया गया है। 
 
इसी प्रकार से एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी के किराया ढांचे में 2320 रुपए  मूल किराया, खानपान का 399 रुपए, पानी एवं अखबार के 20 रुपए, सुपरफास्ट प्रभार के 75 रुपए, आरक्षण शुल्क के 60 रुपए  और सेवा कर 42 रुपए  शामिल हैं। कुल किराया 2984 रुपए  हुआ जो निकटतम पांच के गुणक में 2985 रुपए  तय किया गया है।
              
वापसी में करमाली से मुंबई के सफर में खानपान का शुल्क बदल जाएगा। यह दर चेयरकार में 288 रुपए  और एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी में 349 रुपए  होगी। इससे चेयरकार का किराया 1470 और एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2935 रुपए हो जाएगा।
               
मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से करमाली के बीच की दूरी 725 किलोमीटर है। वर्तमान में लागू किराया सूची के अनुसार शताब्दी एक्सप्रेस गाड़ी में इस दूरी का चेयरकार का किराया तकरीबन 1225 रुपए तथा एग्ज़ीक्यूटिव श्रेणी का किराया लगभग 2445 रुपए  बनता है। इस प्रकार तेजस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस के किराए से करीब 20 प्रतिशत अधिक रहेगा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें