क्या रोहिंग्या शरणार्थियों को EWS फ्लैट्स में शिफ्ट कर रही मोदी सरकार? गृह मंत्रालय ने बताया सच

बुधवार, 17 अगस्त 2022 (17:14 IST)
नई दिल्ली। रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर बुधवार सुबह खबर आई कि मोदी सरकार उनको दिल्ली में बने EWS फ्लैट्स में शिफ्ट कर रही है। इसके बाद भाजपा के समर्थन ही सरकार की आलोचना करने लगे। इस खबर को तब ज्यादा हवा मिली, जब केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर इस फैसले का स्वागत किया। बाद में गृह मंत्रालय भी इस मामले में एक्टिव हुआ और पूरे मामले को स्पष्ट किया। 
 
गृह मंत्रालय ने कहा कोई निर्देश नहीं : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उसने दिल्ली में रोहिंग्या मुसलमानों को EWS(आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध कराने का कोई निर्देश नहीं दिया है और अरविंद केजरीवाल सरकार से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि अवैध विदेशियों को उनके वर्तमान स्थान पर रखा जाए।
 
गृह मंत्रालय ने यह भी कहा कि अवैध विदेशी रोहिंग्याओं को कानून के अनुसार उनके देश वापस भेजने तक निरुद्ध केंद्र में रखा जाना चाहिए और दिल्ली सरकार को उनके ठहरने के वर्तमान स्थल को निरुद्ध केंद्र घोषित करने का निर्देश दिया गया है।
 
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि अवैध विदेशी रोहिंग्याओं के संबंध में मीडिया के कुछ वर्गों में समाचार के संबंध में, यह स्पष्ट किया जाता है कि गृह मंत्रालय ने नई दिल्ली के बक्करवाला में रोहिंग्या अवैध प्रवासियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट प्रदान करने के लिए कोई निर्देश नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा रोहिंग्या मुसलमानों को एक नए स्थान पर स्थानांतरित करने के प्रस्तावित कदम पर गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि अवैध विदेशी रोहिंग्याओं को उनके वर्तमान स्थान पर रखा जाए क्योंकि उन्हें उनके देश वापस भेजने का मामला विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित देश के साथ पहले ही उठाया जा चुका है।
 
प्रवक्ता ने कहा कि अवैध विदेशियों को उनके देश वापस भेजने तक कानून के अनुसार निरुद्ध केंद्र में रखा जाना है। दिल्ली सरकार ने वर्तमान स्थान को निरुद्ध केंद्र घोषित नहीं किया है। उसे तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया गया है। 
हरदीप पुरी ने किया था ट्‍वीट : हरदीप पुरी ने एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा है, 'भारत वैसे सभी शरणार्थियों का स्वागत करता है जो देश से शरण मांगते हैं। एक बड़े फैसले में सभी रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली के बक्करवाला इलाके में EWS फ्लैट में शिफ्ट किया जाएगा। उन्हें हर जरूरी चीजें मुहैया कराई जाएंगी। उन्हें UNHCR आईडी और चौबीसों घंटे दिल्ली पुलिस की सुरक्षा दी जाएगी।'
केजरीवाल सरकार का किया था घेराव : दिल्ली भाजपा के नेता आदेश गुप्ता ने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा था। उन्होंने एक पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार विधायकों को एक बैठक करके उनको निर्देश दिया है कि जहां भी रोहिंग्या और बांग्लादेशी हैं, उन सबको तुरंत बिजली का कनेक्शन, पानी, राशन और भी जरूरी मदद तुरंत मुहैया करवाए। उन्होंने आरोप लगाया था कि रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलमानों को बचाने के लिए एक विशेष अभियान आप ने शुरू किया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी