अरविंद केजरीवाल के गुजरात से लौटते ही पार्टी छोड़ गए सैकड़ों AAP नेता, BJP में हुए शामिल

मंगलवार, 5 अप्रैल 2022 (12:13 IST)
दिल्‍ली और पंजाब में भले ही अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अपनी सरकार बना ली हो, लेकिन उनकी खुद की पार्टी के लोग उनका लगातार साथ छोड़ रहे हैं।

हाल ही में केजरीवाल और मान गुजरात में रोड शो में शामिल हुए थे। साथ ही वे गांधी आश्रम भी गए और चरखा चलाया। इसके अलावा दोनों आप नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य नेताओं के साथ बैठकें की।

लेकिन इसी के साथ गुजरात में आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। खबर है कि पार्टी के करीब 150 नेता और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। अकेले आप ही नहीं इस दौरान कांग्रेस को भी नुकसान उठाना पड़ा है। पार्टी के कई सदस्यों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। खास बात है कि इतनी बड़ी संख्या में आप नेताओं ने दल तब बदला है, जब एक दिन पहले ही राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब सीएम भगवंत मान के साथ दो दिनों के गुजरात दौरे से लौटे हैं।

मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात भाजपा के महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला ने कहा, 'दिल्ली के सीएण और पंजाब के सीएम घर नहीं पहुंचे या खाना भी नहीं खाया और उनकी पार्टी के कई लोग भाजपा में शामिल हो गए।

यह साफ दिखाता है कि वे गुजरात के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते। गुजरात के लिए उनके दौरे का कोई मतलब नहीं है। गुजरात के लोगों का आशीर्वाद बीजेपी के पास है। पंजाब में आप सरकार के महज पांच दिनों में ही किसानों पर लाठीचार्ज हो गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी