Income Tax Tribunal rejected Congress petition: आयकर अपीलीय अधिकरण (Income Tax Appellate Tribunal) ने पिछले वर्षों के टैक्स रिटर्न में विसंगतियों के लिए जुर्माना लगाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की अपील को शुक्रवार को खारिज कर दिया। पार्टी ने कहा कि वह सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और बहुत जल्द इसके खिलाफ उच्च न्यायालय का रुख करेगी।
सूत्रों ने बताया कि अधिकरण ने शुक्रवार को यहां आयकर विभाग द्वारा 210 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाए जाने के खिलाफ कांग्रेस की अपील खारिज कर दी। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि पार्टी सभी कानूनी विकल्प तलाश रही है और बहुत जल्द सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी। माकन ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर यह समय चुना जब आम चुनाव होने हैं।
लोकतंत्र पर हमला : उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कोष पर रोक लगाने का आदेश लोकतंत्र पर हमला है क्योंकि यह लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आया है। उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में कोई निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे कर सकता है जब आयकर अधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी के खातों से 270 करोड़ रुपए की धनराशि जब्त कर ली है या निकाल ली है।
कांग्रेस ने पिछले महीने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर 'आर्थिक आतंकवाद' शुरू करने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि उसके खातों से 65 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डाका डालकर निकाल ली गई, ताकि लोकसभा चुनाव से पहले उसे आर्थिक रूप से अपंग बनाया जा सके। (भाषा/वेबदुनिया)