भारतीय Coast Guard ने किया अमेरिकी नौका का रेस्‍क्‍यू, चालक दल के 2 सदस्यों को डूबने से बचाया

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 (19:19 IST)
Indian Coast Guard News : अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ‘इंदिरा प्वाइंट’ के दक्षिण-पूर्व में समुद्र में फंसी एक अमेरिकी नौका तथा इसके चालक दल के 2 सदस्यों को भारतीय तटरक्षक बल ने बचा लिया। चालक दल के 2 सदस्यों में एक अमेरिका और एक तुर्किए से था। तेज हवाओं और यांत्रिक खराबी के बावजूद चालक दल सुरक्षित और स्वस्थ मिला। नौका का पाल उड़ जाने और ‘प्रोपेलर’ के उलझ जाने के कारण यह बेहद कठिन परिस्थिति में फंस गई। तटरक्षक बल ने कहा कि त्वरित और सफल बचाव अभियान समुद्री सुरक्षा के प्रति बल की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
 
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) पोर्ट ब्लेयर को 10 जुलाई को पूर्वाह्न 11:57 बजे चेन्नई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से ‘इंदिरा पॉइंट’ के 52 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में ‘सी एंजेल’ नामक नौका और इसके चालक दल के दो सदस्यों के फंसे होने की जानकारी मिली। चालक दल के 2 सदस्यों में एक अमेरिका और एक तुर्किए से था।
ALSO READ: 10 वर्षों में 179 नौकाएं जब्त, भारत में कर रही थीं घुसपैठ, 1683 लोग गिरफ्तार
तटरक्षक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नौका का पाल उड़ जाने और ‘प्रोपेलर’ के उलझ जाने के कारण यह बेहद कठिन परिस्थिति में फंस गई। उन्होंने कहा कि तत्काल कार्रवाई करते हुए एमआरसीसी पोर्ट ब्लेयर ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र (आईएसएन) को सक्रिय कर दिया और आसपास के सभी व्यापारिक जहाजों को सतर्क करते हुए बचाव समन्वय प्रोटोकॉल शुरू किया।
 
तटरक्षक बल ने कहा कि इसके बाद तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए अपराह्न दो बजे ‘आईसीजीएस राजवीर’ को तैनात कर दिया गया। इसने कहा, व्यावसायिकता और सटीकता का प्रदर्शन करते हुए, आईसीजीएस राजवीर शाम 5:30 बजे नौका तक पहुंचा और फंसे हुए चालक दल के साथ संचार स्थापित किया तथा स्थिति का मूल्यांकन किया। अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं और यांत्रिक खराबी के बावजूद चालक दल सुरक्षित और स्वस्थ मिला।
ALSO READ: विदेशी मुद्रा व्यापार धोखाधड़ी मामला : ED ने स्पेन में 131 करोड़ रुपए की नौका और 2 मकान जब्त किए
तटरक्षक बल ने कहा कि शाम 6:50 बजे तक नौका को सुरक्षित रूप से खींच लिया गया और कैंपबेल खाड़ी तक ले जाया गया। इसने कहा कि यह 11 जुलाई को सुबह आठ बजे बंदरगाह पर पहुंची। अधिकारी ने कहा कि त्वरित और सफल बचाव अभियान समुद्री सुरक्षा के प्रति तटरक्षक बल की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी