भारत की दरियादिली, बचाई दो पाक नौसैनिकों की जान

बुधवार, 12 अप्रैल 2017 (17:17 IST)
नई दिल्ली। एक तरफ जहां पाकिस्तान ने कुलभूषण यादव को फांसी की सजा का ऐलान किया। इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में गर्माहट चल रही है, वहीं भारतीय कोस्टगार्ड ने दो पाकिस्तानी नौसैनिकों की जान बचाकर एक मिसाल पेश की है। भारतीय सैनिक समय-समय पर अपनी मानवता की मिसाल देते रहते हैं। 
 
गुजरात के ओखा तट के करीब पाकिस्तानी मैरीटाइम सिक्युरिटी एजेंसी की एक बोट भारत-पाकिस्तान मैरीटाइम बाउंड्री लाइन (समुद्री-सीमा) के करीब पलट गई थी। इस बोट की लोकेशन गुजरात के ओखा बंदरगाह से करीब 58 नॉटिकल मील थी, क्योंकि बोट भारतीय सीमा में थी इसलिए पाकिस्तान ने इंडियन कोस्टगार्ड से मदद मांगी। कोस्टगार्ड ने तुरंत वहां से गुजर रहे इंडियन कोस्टगार्ड के जहाज, ‘आईसीजी अंकित’ को उसी दिशा में रवाना कर दिया जहां पाकिस्तैनी बोट डूबी थी।
 
10 अप्रैल को कोस्टगार्ड ने अपने दो और जहाज ‘सम्राट’ और ‘अरिंजय’ को भी सहायता के लिए लगाया। एक डोरनियर विमान को भी खोजबीन को लिए लगाया गया। उसी दिन एक भारतीय मछुआरों की बोट ने समंदर में डूब रहे दो पाकिस्तानी नौसैनिकों को बचा लिया। वे दोनों बेहोश थे और हालत काफी खराब थी। मछुआरों ने पाकिस्तानी नौसैनिकों को कोस्टगार्ड के हवाले कर दिया। कोस्टगार्ड के जहाज पर मौजूद डॉक्टर्स ने बेहोश पाकिस्तानी मेरिन्स को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई और दोनों पाकिस्तानी मेरिन्स होश में आए। 
 
इसके बाद कोस्टगार्ड ने बाकी चार पाकिस्तानी नौसैनिकों के शवों को भी समुद्र से ढूंढ निकाला। भारतीय कोस्टगार्ड ने जिंदा बचाए गए पाकिस्तानी नौसैनिकों और उनके साथियों के शवों को पाकिस्तान की मेरिटाइम सिक्योरिटी एजेंसी को सौंप दिया।

वेबदुनिया पर पढ़ें