प्रज्ञा ठाकुर के नफरती भाषण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे जयराम रमेश

मंगलवार, 27 दिसंबर 2022 (21:35 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के एक हालिया बयान को स्पष्ट रूप से हैट स्पीच (नफरती भाषण) का मामला करार देते हुए मंगलवार को कहा कि वह प्रज्ञा के खिलाफ जल्द ही उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगे। इससे पहले रमेश ने ट्वीट किया कि हैट स्पीच का स्पष्ट का मामला है। उनके खिलाफ मुकदमा चलना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर ने जो कहा है, वो स्पष्ट रूप से हैट स्पीच का मामला है। मैं इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाऊंगा। इससे पहले रमेश ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की टिप्पणी को लेकर ट्वीट किया, हैट स्पीच का स्पष्ट का मामला है। उनके खिलाफ मुकदमा चलना चाहिए।
 
प्रज्ञा ठाकुर ने 'हिन्दू जागरण वेदिके' के दक्षिण क्षेत्र के वार्षिक समारोह में कहा था कि संन्यासी कहते हैं कि ईश्वर द्वारा बनाई गई इस दुनिया में सभी अत्याचारियों और पापियों का अंत करो, अन्यथा प्रेम की सच्ची परिभाषा यहां नहीं बचेगी, तो लव जिहाद में शामिल लोगों को उसी तरह जवाब दो। अपनी बेटियों की रक्षा करो, उन्हें सही मूल्य सिखाओ।
 
उन्होंने शिवमोगा के हर्षा समेत हिन्दू कार्यकर्ताओं की हत्या की घटनाओं की ओर इशारा करते हुए लोगों से कहा था कि वे आत्मरक्षा के लिए अपने घरों में धारदार चाकू रखें।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी